चंडीगढ़: पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान राजबीर कौर गुरुवार को यहां आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गईं। वह संजय सिंह, दुर्गेश पाठक, भगवंत मान और सुच्चा सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि उनका पार्टी में शामिल होने का कारण राज्य में खेलों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल पर खिलाडि़यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। राजबीर ने यहां कहा, ‘मैंने देखा है कि यहां वर्तमान अकाली सरकार में खिलाड़ियों के लिए या खेलों के लिए कुछ नहीं किया गया है।’
उन्होंने कहा कि पंजाब में पिछले कुछ वर्षों सरकार की कथित निष्ठुरता की वजह से खेलों के स्तर में गिरावट आई है जिसे तत्काल दुरूस्त करने की जरूरत है। पंजाब में नशे की बीमारी बुरी तरह फैली हुई है लेकिन खेल ऐसा माध्यम है जिसके जरिए युवाओं को नशे की लत से दूर रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नशे की चपेट से युवाओं को बाहर निकालने और बचाने के लिए खेलों को प्रोत्साहन देना होगा। अवार्ड विजेता खिलाड़ियों को सवा साल से पेंशन नहीं मिल रही और तो और इतना नाम कमाने के बावजूद किसी को यह नहीं पता था कि राजबीर कौर कहां हैं और क्या कर रही है।
Latest India News