नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर से बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी की जगह गौरव गोगोई को यह जिम्मेदारी सौंप सकती है। जानकारी मिली है कि संसद को लेकर रणनीति तैयार करने वाले कांग्रेस के समूह की 14 जुलाई को बैठक होगी।
यह बैठक ऑनलाइन होगी, जिसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। लोकसभा में नेतृत्व परिवर्तन के बारे में अंतिम फैसला इसी बैठक में लिया जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि पार्टी अधीर रंजन चौधरी की जगह गौरव गोगोई को लोकसभा में पार्टी का नेता बना सकती है। इसके साथ ही लोकसभा टीम में और भी बदलाव किए जा सकते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी 'वन मैन वन पोस्ट' फॉर्मूले पर काम कर रही है। इसी के कारण पार्टी लोकसभा में अपने नेतृत्व को बदल सकती है। हालांकि, सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि कांग्रेस पार्टी अधीर रंजन चौधरी के लोकसभा में काम से खुश नहीं है। उनसे लोकसभा में कांग्रेस के नेता का पद वापस लिए जाने का एक बड़ा कारण यह भी हो सकता है।
बता दें कि अधीर रंजन चौधरी कांग्रेस की पश्चिम बंगाल ईकाई के अध्यक्ष भी हैं। वहीं, गौरव गोगोई अभी लोकसभा में पार्टी के उप नेता हैं। लेकिन, अगर गौरव गोगोई को लोकसभा में कांग्रेस का नेता बनाया जाता है तो यह उनके लिए प्रमोशन जैसा होगा।
Latest India News