लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पारिवरिक और पार्टी कलह का परोक्ष रुप से ज़िक्र करते हुए कहा कि साज़िश की वजह से वे लोग थोड़ा डगमगा गए थे लेकिन वक़्त रहते संभल गए। अखिलेश यहां विकास यात्रा के मौके पर जनसमूह को संबोधित कर रहे थे जिसमें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल यादव भी मैजूद थे। मुलायम ने जहां रथ-यात्रा को हरी झंडी दिखाई वहीं शिवपाल ने यात्रा का सफलता की शुभकामना की।
अखिलेश ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी फिर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में राज्य का चहुमुखी विकास हुआ। उन्होंने कहा कि सपा ने गांव को शहरों से जोड़ा और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरु की।
अखिलेश ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि उप्र विधानसभा चुनाव देश की राजनीति बदल देगा। समाजवादी विचारधारा ही देश को आगे ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि हम हर धर्म के लोगों को साथ लेकर चलेंगे।
इस बीच
सपा के भीतर मचे अंदरूनी घमासान के बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने ला मार्टिनियर ग्राउंड पहुंचकर सबको चौंका दिया। उन्होंने इस मौके पर अखिलेश व उनकी रथयात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस रथयात्रा के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचेंगी और पार्टी को इसका लाभ चुनाव में मिलेगा।
लॉमार्टिनियर ग्राउंड पर जुटे जनसमूह को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने ये बातें कही। इस मौके पर सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद थे।
शिवपाल ने कहा, "अखिलेश के नेतृत्व में रथयात्रा की शुरुआत हो रही है। यह रथयात्रा पूरे उप्र में सरकार की उपलिब्धयों को पहुंचाने का काम करेगी और सरकार के अच्छे कार्यो का संदेश देगी।"
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षो में सरकार ने काफी अच्छे काम किए हैं। नेताजी की कड़ी मेहनत से दोबारा पूरे प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। हमारा प्रयास है कि उप्र में भाजपा की सरकार न बन पाए। यह युवाओं के सहयोग से ही संभव है।
उन्होंने नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि वे पांच नवंबर को पार्टी की रजत जयंती समारोह में भी शिरकत कर उसे सफल बनाएं।
अखिलेश ने कहा कि पांच नवंबर को होने वाली पार्टी की रैली में भारी संख्या में नौजवान शामिल होंगे।
ऱथ-यात्रा में आज 80 कि.मी. का फ़ासला तय करा जाएगा।
Latest India News