रांची: जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में बनी भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार एक ऐतिहासिक प्रयोग है और यह राज्य के इतिहास में पानीपत साबित होगी। क्लीन मीडिया फाउंडेशन के महानायक शारदा सम्मान कार्यक्रम में यहां आये निर्मल सिंह ने कहा कि राज्य में भाजपा-पीडीपी की गठबंधन सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है और इस नयी शुरूआत से अलगाववादी ताकतें अलग-थलग पड़ जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जिस तेजी से कश्मीरी अवाम नयी सरकार और विशेषकर भाजपा की केन्द्र सरकार की नीतियों से जुड़ रहा है उससे वह दिन दूर नहीं है जब जम्मू कश्मीर के अलगाववादियों को अपने लिए कोई समर्थक ढूंढ़ना असंभव हो जाएगा। सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि जम्मू कश्मीर में भाजपा ने पीडीपी के साथ गुड गवर्नेंस के लिए गठबंधन किया है न कि सत्ता और स्वार्थ के लिए। जम्मू-कश्मीर की नयी सरकार एजेंडा आफ एलायंस पर पूरी तरह केन्द्रित होकर राज्य को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ा रही है।
जम्मू विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर रहे डॉ. निर्मल सिंह ने अपनी बातों को और साफ करते हुए कहा कि जिस प्रकार मध्यकालीन भारत के इतिहास में पानीपत के युद्ध का महत्व था और उस युद्ध के चलते देश के इतिहास की धारा बदल गयी और यहां मुगलों का शासन प्रारंभ हो गया ठीक उसी प्रकार जम्मू कश्मीर की वर्तमान गठबंधन सरकार अपने काम से राज्य के इतिहास को नयी दिशा देगी।
भाजपा को 2014 के विधानसभा चुनावों में कश्मीर घाटी में कोई भी विधानसभा सीट नहीं मिलने के बारे में पूछे जाने पर डा0 निर्मल सिंह ने कहा, अब परिस्थितियों में बड़ी तेजी से बदलाव हो रहा है और कश्मीर घाटी में ही साढ़े तीन लाख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, जिसका परिणाम हाल में बांदीपोरा में हुई भाजपा की एक रैली में देखने को मिला, जहां पांच हजार से अधिक कश्मीरी मुसलमानों की रैली आयोजित हुई।
Latest India News