1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. J&K: राज्यपाल ने पीडीपी और BJP से सरकार गठन पर मांगा जवाब

J&K: राज्यपाल ने पीडीपी और BJP से सरकार गठन पर मांगा जवाब

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में सरकार के गठन को लेकर चल रही अनिश्चितता पर विराम लगाने के प्रयास के तहत राज्यपाल एन एन वोहरा ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा से

mehbooba mufti- India TV Hindi
mehbooba mufti

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में सरकार के गठन को लेकर चल रही अनिश्चितता पर विराम लगाने के प्रयास के तहत राज्यपाल एन एन वोहरा ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा से कहा कि वे इस संदर्भ में कल अपना रूख स्पष्ट करें।

वोहरा ने इन दोनों नेताओं को मुलाकात के लिए कल अलग-अलग समय पर बुलाया है। मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद राज्य में बीते आठ जनवरी को राज्यपाल शासन लगाया गया था।

पीडीपी के प्रवक्ता नईम अख्तर ने आज बताया कि राज्यपाल ने उन्हें (महबूबा मुफ्ती) को कल मुलाकात के लिए बुलाया है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने विचार विमर्श करने के लिए कल शाम पीडीपी प्रमुख को फैक्स से संवाद भेजा। महबूबा का कल दोपहर को राज्यपाल से मिलने का कार्यक्रम है जिसके बाद वोहरा, प्रदेश भाजपा प्रमुख से मिलेंगे।

राज्यपाल की ओर से इन दोनों नेताओं को मुलाकात के लिए उस वक्त बुलाया गया है जब पीडीपी प्रमुख ने कल भाजपा के साथ गठबंधन जारी रखने के संदर्भ में तल्ख बयान दिए थे। दोनों पार्टियों ने सईद के निधन तक 10 महीने की गठबंधन सरकार चलाई थी।

मुख्यमंत्री पद के लिए अपने पिता की उत्तराधिकारी के तौर पर देखी जा रही महबूबा ने कहा था कि वह भाजपा के साथ सरकार बनाने का फैसला, इस बात का फिर से आकलन करने के बाद करेगी कि क्या केंद्र सरकार राज्य के प्रमुख राजनीतिक एवं आर्थिक मुद्दौं के निवारण के लिए तय समयसीमा के भीतर ठोस कदम उठाएगी।

बहरहाल, भाजपा कोर ग्रूप की आज महासचिव (संगठन) अशोक कौल के आवास पर बैठक हुई जिसमें आगे की रणनीति के बारे में फैसला किया गया। इससे एक दिन पहले महबूबा मुफ्ती ने इस बात पर जोर दिया था कि उनकी पार्टी इस बात पर फिर से विचार करेगी कि क्या भाजपा के साथ राज्य में सरकार बनाने को लेकर गठबंधन जारी रखा जाए।

बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि पीडीपी की तरफ से कोई ठोस मांग या शर्त नहीं रखी गई है और उनकी पार्टी एजेंडा ऑफ अलायंस को जारी रखने को लेकर प्रतिबद्ध है।

अगली स्लाइड में देखे वीडियो-

Latest India News