A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक: कुमारस्वामी ने कैबिनेट का विस्तार किया, कांग्रेस के 8 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

कर्नाटक: कुमारस्वामी ने कैबिनेट का विस्तार किया, कांग्रेस के 8 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को अपने 6 महीने पुराने कैबिनेट का विस्तार किया और इसमें गठबंधन साझेदार कांग्रेस के 8 सदस्यों को शामिल किया।

<p>Karnataka Governor Vajubhai Vala and newly inducted...- India TV Hindi
Karnataka Governor Vajubhai Vala and newly inducted ministers

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को अपने 6 महीने पुराने कैबिनेट का विस्तार किया और इसमें गठबंधन साझेदार कांग्रेस के 8 सदस्यों को शामिल किया। दो मंत्रियों, रमेश जारकिहोली (नगर प्रशासन) और आर शंकर (वन एवं पर्यावरण) को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

राज्यपाल वजुभाई वाला ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजभवन में ग्लास हाउस में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए मंत्रियों में सतीश जारकिहोली, एम बी पाटिल, सी एस शिवल्ली, एम टी बी नागराज, ई तुकाराम, पी टी परमेश्वर नाइक, रहीम खान और आर बी थिम्मारपुर शामिल हैं। आठ में से सात मंत्री उत्तर कर्नाटक के हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार रात पार्टी को विस्तार को मंजूरी दे दी थी। इससे पहले उन्होंने प्रदेश में पार्टी नेताओं और कर्नाटक प्रभारी सचिव के सी वेणुगोपाल से भेंट की थी और मुद्दे पर चर्चा की थी।

रमेश जारकिहोली का कथित रूप से भाजपा नेताओं से मेल-जोल है और वह कैबिनेट तथा पार्टी की बैठकों में नहीं आ रहे हैं। उन्हें कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। उनके स्थान पर उनके भाई सतीश जारकिहोली को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

शंकर निर्दलीय विधायक हैं। उन्हें कांग्रेस के सहयोगी सदस्य होने की उनकी अनिच्छा के चलते हटाया गया है।

Latest India News