पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले पटना में पोस्टर वार अपने चरम पर है। उम्मीदवार और उनके लिए प्रचार करने वाले कार्यकर्ता भले ही गांवों और शहरों में हेलिकॉप्टर का सहारा ले रहे हों, लेकिन अपने प्रतिद्वंदियों को मात देने और वोटरों को लुभाने के लिए अभी भी पोस्टर और होर्डिंग का दबदबा कायम है।
पटना के शहर के व्यस्त एक्जीबिशन रोड चौराहे पर होर्डिंग में लिखा है ‘बहुत हुआ जुमलों का वार, फिर एक बार नीतीश कुमार’। वहीं एनडीए के बैनरों में ‘बदलिए सरकार बदलिए बिहार का नारा’ और मोदी-अमित शाह की जोड़ी की तस्वीरें दिखती है।
पटना के साथ पांच अन्य जिलों में तीसरे चरण में 28 अक्टूबर को चुनाव होना है जिसमें 50 महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव होगा। रैलियों में प्रतिद्वंदियों की एक दूसरे पर जुबानी जंग के बाद अब असली लड़ाई पोस्टरों और बैनरों में लड़ी जा रही है। शहर के महत्वपूर्ण स्थल और सभी चर्चित जगहें राजनीतिक रंग में रंगी नजर आ रही है।
पीएम मोदी और और भाजपा प्रमुख अमित शाह की तस्वीर और बदलिए सरकार, बदलिए बिहार वाले नारे के होर्डिंग फ्लाइओवर से लेकर रेलवे स्टेशन और बाजार समेत शहर के चप्पे चप्पे पर नजर आ रहा है। वहीं महागठबंधन की तरफ से जेडीयू नेता नीतीश कुमार चुनौती देते नजर आ रहे हैं।
Latest India News