नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली पर अपना प्रहार तेज करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज मांग की कि डीडीसीए में कथित भ्रष्टाचार की स्वतंत्र जांच के लिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन्हें हटा दिया जाना चाहिए।
केजरीवाल ने अपने ट्वीटों में कहा, क्या संवाददाता सम्मेलन में जेटलीजी के इनकार को वेदवाक्य समझा जा सकता है? उनके खिलाफ बड़े ही गंभीर आरोप हैं। वह जांच से क्यों भाग रहे हैं? यदि जेटलीजी को उनके प्रेस इनकार के आधार पर जांच से छोड़ दिया जाता है तो क्या कोयला और टूजी घोटाले के आरोपियों को भी इसी तरह छोड़ दिया जाना चाहिए।
सीबीआई पर जेटली को फंसाने वाली फाइल को अपने कब्जे में लेने के लिए उनके दफ्तर पर छापा मारने का आरोप लगा चुके मुख्यमंत्री ने कहा, इसमें बहुत बड़ी धनराशि शामिल है। स्वतंत्र जांच के लिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन्हें हटा दिया जाना चाहिए।
दिल्ली एवं जिला क्रिक्रेट एसोसिएशन (डीडीसीए) विवाद को लेकर केजरीवाल पर पलटवार करते हुए जेटली ने उन पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया था और कहा था कि ऐसा जान पड़ता है कि वह झूठ और मानहानि में यकीन करते हैं और उनकी भाषा हिस्टीरिया की सीमा तक जाती है।
Latest India News