नई दिल्ली: भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए अरविंद केजरीवाल पर प्रहार किया और कहा कि यह मुख्यमंत्री के लिए शर्मनाक है जो भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से उपजे हैं। पार्टी ने कहा कि केजरीवाल एक ऐसे अधिकारी का बचाव कर रहे हैं जो भ्रष्टाचार का सीधा मामला है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मोदी को कायर और मनोरोगी बताने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री से माफी मांगने को कहा और उनके इस दावे को खारिज कर दिया कि सीबीआई ने उनके कार्यालय पर छापेमारी की। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने उसे छुआ तक नहीं।
प्रसाद ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए और पूछा कि उन्होंने इसकी जांच परख क्यों नहीं की? प्रसाद ने कहा कि केजरीवाल के प्रधान सचिव और आईएएस अधिकारी राजेन्द्र कुमार पर दिल्ली सरकार की निविदा हासिल करने में एक निजी कंपनी का सहयोग करने के आरोप हैं और अदालत से वारंट मिलने के बाद सीबीआई ने उनके कार्यालय और घर पर छापेमारी की।
उन्होंने कहा, कौन सा कानून कहता है कि सीबीआई को अधिकारी के कार्यालय पर छापेमारी करने से पहले मुख्यमंत्री को सूचित करना चाहिए? ऐसा कोई कानून नहीं है... आप (केजरीवाल) अपने संवाददाता सम्मेलनों में भ्रष्ट लोगों के नामों की घोषणा करते हैं और वह उचित है और यहां सीबीआई कानून के मुताबिक काम कर रही है तो आप दावा करते हैं कि यह गलत है।
Latest India News