नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अरुणाचल प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी की कांग्रेस सरकार बहाल करने के सुप्रिम कोर्ट के बुधवार के आदेश को '(प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी की तानाशाह सरकार' के लिए करारा जवाब बताया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "सर्वोच्च न्यायालय का फैसला तानाशाह मोदी सरकार को करारा जवाब है। उम्मीद है मोदीजी इससे सबक सीखेंगे और लोकतांत्रिक ढंग से निर्वाचित सरकारों के मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करेंगे।"
आप के एक अन्य नेता आशुतोष ने कहा कि यह फैसला 'तानाशाही की हार और लोकतंत्र की जीत' है। उन्होंने कहा, "मोदीजी के जनादेश का सम्मान करना सीखिये।"
क्या है मामला:
सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा फ़ैसला करते हुए अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार बहाल करने का आदेश दिया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि वहां राष्ट्रपति शासन लगाना असंवैधानिक था और केंद्र को 16 दिसंबर 2015 की स्थित फ़ौरन बहाल करनी चाहिये। ये फ़ैसला कोर्ट की संविधान पीठ ने किया है।
कोर्ट ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में नुबाम तुकी की सरकार को बहाल किया जाए। कोर्ट का ये फ़ैसला मोदी सरकार के लिए एक बड़ा झटका है।
Latest India News