नई दिल्ली: बिहार चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारे में सरगर्मी जारी है। बिहार में दो चरणों का मतदान संपन्न हो गया है। इसके बाद से नेताओं के दावे और बढ़ गए है। ऐसे में भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने अरविंद केजरीवाल के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि चुनाव ट्वीट से नहीं जीते जाते। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार के लोग बीजेपी के नेतृत्व में विकास चाहते है।
जावडेकर की यह प्रतिक्रिया केजरीवाल के उस ट्वीट के संदर्भ में आई है जिसमें केजरीवाल ने लिखा था कि ‘मोदी जी बिहार चुनाव बुरी तरह हार रहे हैं, नीतीश जी चुनाव जीत रहे हैं।’ मौजूदा सीएम नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए केजरीवाल ने कहा कि नीतीश जी ही राज्य की सत्ता संभालेंगे।
बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने चुनाव के दौरान किसी भी दल को अपना समर्थन न देने की बात कही थी। लेकिन लगता है केजरीवाल का झुकाव कहीं ना कहीं नीतीश कुमार के पक्ष में है इसीलिए कई मौको पर वह उनके समर्थन में बयान देते नजर आए हैं। इतना ही नहीं दिल्ली में केजरीवाल सरकार के एक कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने जमकर एक-दूसरे की तारीफ की थी।
गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह चुनाव पांच चरणों में कराए जा रहे है। दो चरणों के मतदान संपन्न हो चुके है। इस बार चुनाव में जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस के महागठबंधन और एनडीए के बीच कांटे की टक्कर है।
Latest India News