नई दिल्ली: नवजोत सिंह सिद्धू के बाद अब निलंबित BJP सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी और तीन बार पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल रहीं पूनम आजाद BJP छोड़ने की तैयारी में है। वह आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने वाली हैं। पूनम आजाद से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वह जल्द इस्तीफा देंगी और आप में शामिल होंगी। मौजूदा समय में वह दिल्ली की भाजपा इकाई की प्रवक्ता हैं। पहले वह दिल्ली भाजपा की उपाध्यक्ष थीं।
भाजपा कार्यकारिणी की तीन बार सदस्य रहीं पूनम पिछले कुछ वर्षों में पार्टी के भीतर हाशिये पर जाती दिखाई दीं।
पति कीर्ति आजाद के पार्टी से निलंबन के कारण भी उन्होंने भाजपा को अलविदा कहने का फैसला किया। डीडीसीए में कथित घोटाले को लेकर आजाद ने वित्त मंत्री अरूण जेटली पर निशाना साधा था जिसके बाद उनको निलंबित किया गया था।
एक सूत्र ने कहा, पति-पत्नी दोनों भाजपा में अपने भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं। सूत्र ने कहा कि कीर्ति आजाद ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे क्योकि ऐसा करने पर उनकी लोकसभा की सदस्यता चली जाएगी।
Latest India News