पटना: नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान कृष्ण की पैतृक भूमि के वासी के तौर पर खुद को पेश कर बिहार के यादव वोटरों को लुभाने की कोशिश के एक दिन बाद, राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘कालिया नाग’ बताया और कहा कि ‘हम उन्हें कुचल देंगे।’
जातिगत जनगणना आंकड़ा जारी करने के लिए एक दिनी उपवास की शुरुआत करते हुए प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, ‘कृष्ण ने कालिया नाग को मारा। नरेंद्र मोदी के तौर पर उसका फिर से जन्म हुआ है और वह पूरे बिहार को डस रहे हैं। हम यदुवंशी एक बार फिर उसे मार डालेंगे और उनकी पार्टी को राज्य से उखाड़ फेंकेंगे।’ उन्होंने केंद्र पर आंकड़ों को दबा कर रखने का आरोप लगाया।
मोदी ने कल मुजफ्फरपुर में भाजपा की एक रैली में यादवों को लुभाते हुए उन्हें यदु भाई के तौर पर संबोधित किया और खुद को भगवान कृष्ण की भूमि के निवासी के तौर पर पेश किया। लालू आज एक तांगा पर उपवास स्थल गांधी मैदान पहुंचे।
तुरंत जातिगत आंकड़ा जारी करने की मांग करते हुए लालू ने कहा कि आंकड़ों से अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों की असल संख्या का पता चलेगा। उन्होंने दावा किया कि इन जातियों की संख्या इन वषरें में तीन गुणा बढ़ी है। अंतिम जातिगत जनगणना ब्रिटिश शासन के दौरान 1931 में हुयी थी।
प्रसाद ने कहा कि नये आंकड़े से उनके लिए कल्याण कार्यक्रमों के खर्चे को लेकर आरक्षण में इजाफे का आधार बनेगा। उन्होंने कहा, ‘एससी और एसटी के लिए उनकी आबादी के मुताबिक अनुपातिक आरक्षण के लिए संवैधानिक प्रावधान है। अभी यह 1931 की जातिगत जनगणना के आधार पर दिया जा रहा है। नयी जातिगत जनगणना का जब आंकड़ा आएगा तो हम उस आधार पर उनके लिए आरक्षण की मांग करेंगे।’
प्रसाद ने कहा, ‘हम जानते हैं कि नया जातिगत जनगणना आंकड़ा बेहद चौंकाउ है। एससी और एसटी की आबादी 1931 के बाद तिनगुणा हो गयी है और भाजपा नीत केंद्र सरकार इसे दबाना चाहती है क्योंकि वह गरीब को वास्तविक हक नहीं देना चाहती।’ स्मार्ट शहर बनाने की मोदी की योजना पर निशाना साधते हुए कहा कि देश स्मार्ट नौकरी चाहता है।
उन्होंने कहा, ‘हमारे देश के अधिकतर लोग भूमिहीन और बेरोजगार हैं। मोदी रास्ता भटक गए हैं और विकास की बात करते हुए पटरी से उतर गए।’ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं- अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, विधायी दल के नेता अब्दुल बारी सिद्दकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, विधानपाषर्द भोला यादव तथा बेटों तेजस्वी और तेजप्रताप के साथ लालू ने कहा कि लोग अपनी जाति की संख्या तथा आबादी में अपने हिस्से के बारे में जानना चाहते हैं।
Latest India News