पटना: बिहार में अपराधिक घटनाओं के ग्राफ में वृद्धि की पृष्ठभूमि में प्रदेश में जंगलराज की वापसी के आरोप पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने आज कहा कि जिन लोगों ने उनकी सरकार को बदनाम किया और जो उनके कार्यकाल में कानून व्यवस्था को लेकर चुनौती बने हुए थे वे फिर से सिर उठा रहे हैं। लालू ने कहा कि ऐसे लोगों की मंशा है कि नीतीश कुमार नीत महागठबंधन की सरकार विकास कार्य नहीं कर सके और उसे बाधित किया जाए ताकि वह विधि व्यवस्था की समस्या में उलझी रहे।
पटना स्थित अपनी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी के सरकारी आवास पर आज पत्रकारों को संबोधित करते हुए दरभंगा में दो अभियंताओं की हत्या सहित प्रदेश में अपराधिक घटनाओं के ग्राफ में वृद्धि पर तथा बिहार में जंगलराज की वापसी के भाजपा के आरोप पर लालू ने आज कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान जो लोग कानून व्यवस्था को लेकर चुनौती बने हुए थे वे फिर से सिर उठा रहे हैं।
हाल में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की करारी हार की ओर इशारा करते हुए लालू ने कहा कि इस प्रदेश से दंगाई, बलवाई और फासिस्ट लोगों को हम लोगों ने भगा दिया है और अब अपराधियों की बारी है। बिहार के जनता ने जो इतना विशाल जनादेश दिया है, यहां की जनता को जो डराएगा या धमकाएगा उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
Latest India News