लखनऊ: बीएसपी प्रमुख मायावती के खिलाफ कल बीजेपी नेता ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया तो इसके जवाब में बीएसपी ने यूपी समेत कई राज्यों में आसमान सिर पर उठा लिया। ऐसा हल्ला बोला कि हर जगह से बीजेपी नेता पर गालियों की बौछार होने लगी। यूपी की राजधानी लखनऊ में तो खुलेआम मंच से बीजेपी नेता को गालियां दी गईं। नेताओं ने भी गालियां दीं और कार्यकर्ताओं ने भी। जब मायावती से पूछा गया तो उन्होंने भी घुमा-फिराकर अपने कार्यकर्ताओं की गालियों को सही ठहरा दिया।
BSP के प्रदर्शन में गालियों की बौछार
लखनऊ की सड़कों पर बीएसपी कार्यकर्ताओं का ये गुस्सा, तेवर और गदर उस गाली के खिलाफ है जो मायावती को दी गई। अब उस गाली के बदले गालियों का बेहद आक्रामक कॉम्पिटिशन करने के मूड में थें मायावती के समर्थक। हर जगह नीले झंडे, हाथों में आपत्तिजनक भाषा में लिखे नारे और तख्तियां, बैनर-पोस्टर सब कुछ ऐसे मानो इससे बड़ी राष्ट्रीय समस्या कोई है ही नहीं इनके लिए कोई शवयात्रा निकाल रहा था तो कोई पुतला फूंक रहा था, तो कोई दयाशंकर सिंह को फांसी देने की मांग कर रहा था।
BJP नेता को मंच से दी गई गालियां
इस प्रदर्शन में बीएसपी कार्यकर्ता सारी सीमाएं लांघ गए जिन्होंने गाली के जवाब में गालियों का इस्तेमाल किया। बीएसपी कार्यकर्ता और नेता तो लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर बाकायदा लाउडस्पीकर के जरिए दयाशंकर के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। हैरानी की बात ये है कि मंच से खुद बीएसपी के प्रदेश स्तर के बड़े नेता राम अचल राजभर खुद ऐसे नारे लगवा रहे थे। बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष भरी पब्लिक के बीच दयाशंकर सिंह को मां-बहन की गालियां दे रहे थें लेकिन मंच पर मौजूद बीएसपी के दूसरे बड़े नेताओं को ये न सुनाई दिया और न ही दिखाई दिया।
कार्यकर्ताओं की गाली पर माया की मुहर
बीएसपी का कोई नेता गाली का जवाब गाली से दे रहा है तो किसी को गाली सुनाई ही नहीं दी लेकिन लखनऊ पुलिस की बीएसपी की इस रैली पर और इसमें लगाए जा रहे नारों पर बारीक नजर थी। लखनऊ में इस पूरे प्रोटेस्ट की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही थी। जब दिल्ली में बीएसपी सुप्रीमो मायावती से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही गाली-गलौज को सही ठहरा दिया। साफ है कि अपने अपमान के मुद्दे पर तूफान खड़ा करके मायावती यूपी चुनाव का एजेंडा सेट करने की कोशिश कर रही हैं।
बता दें कि बीजेपी ने कल ही इस मामले पर खेद जताते हुए दयाशंकर सिंह को यूपी उपाध्यक्ष के पद से हटाते हुए पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
देखिए वीडियो-
Latest India News