1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. BMC चुनाव में कांटे की टक्कर, किसी दल को बहुमत नहीं, शिवसेना को 84, बीजेपी को 81 सीट पर मिली जीत

BMC चुनाव में कांटे की टक्कर, किसी दल को बहुमत नहीं, शिवसेना को 84, बीजेपी को 81 सीट पर मिली जीत

बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) की 227 सीटों के लिए हो रही मतगणना के नतीजों के मुताबिक, शिवसेना इस पर कब्जा करने की तरफ आगे बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दूसरे नंबर पर जाती दिख रही है।

BMC- India TV Hindi
BMC

मुंबई: बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) की 227 सीटों के लिए हो रही मतगणना के नतीजों के मुताबिक, शिवसेना इस पर कब्जा करने की तरफ आगे बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दूसरे नंबर पर जाती दिख रही है। बीएमसी की 227 सीटों में से शिवसेना 84 सीटों पर आगे है, लेकिन बहुमत के लिए 114 सीटों से वह अभी भी दूर है।

भाजपा ने 81 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस 31 सीटें जीतकर तीसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) 7 सीटें जीतने की ओर अग्रसर है, वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) 9 सीटों पर आगे चल रही है।

चुनाव में खराब प्रदर्शन को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुंबई में जीत को लेकर शिवसेना के समर्थकों में बेहद उत्साह है। बीएमसी का साल 2016-17 का सालाना बजट 37,000 करोड़ रुपये का है।

शिवसेना ने बढ़त ज़रूर बनाई है लेकिन सदन में बहुमत के आंकड़े के लिये उसे मदद लेनी ही पड़ेगी। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 10 महानगरपालिकाओं की 3,210 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है।

मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए मंगलवार को लगभग 55 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसमें करीब पांच लाख लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मंगलवार को हुए 11 जिला परिषदों और 118 पंचायत समितियों के लिए मतदान में 69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनावों में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की साख दांव पर लगी है क्योंकि दोनों ने अपनी-अपनी पार्टियों के प्रचार की कमान संभाली थी।

देखिए वीडियो-

Latest India News