नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आम क्या खास महिलाएं भी महफूज नहीं हैं। चांदनी चौक से आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा के साथ दिन दहाड़े छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को वो अपने क्षेत्र बल्लीमारन में लोगों की शिकायतें सुन रही थी।
उसी दौरान एक युवक आया, पहले उसने आंख मारी फिर अलका लांबा के कंधे को टच किया। इस पर गुस्साई अलका ने तुरंत उस युवक को दो थप्पड़ रसीद कर दिए और पुलिस को बुलाकर उसे गिरफ्तार कराया।
अल्का लांबा ने बताया, 'उसने मुझे आंख मारी। वो बड़ी ही अजीब तरह से मुझे देख रहा था। उसने टाउन हॉल के पास मेरे करीब आने की कोशिश भी की जिसके बाद मैंने उसे थप्पड़ लगा दिया। इसके बाद वो भागने लगा, तब 'आप' के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर कोतवाली पुलिस सौंप दिया।'
आरोपी शख्स खुद को मानसिक रोगी बताता है लेकिन देर शाम तक भी उसका परिवार कोई ऐसा सबूत पेश नहीं कर सका जिससे ये साबित होता हो कि आरोपी का किसी तरह का इलाज चल रहा हो।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान राजेश के रूप में हुई है और वह बलजीत नगर इलाके का रहने वाला है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले को देख रही है।
Latest India News