पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सोमवार को 'जनता दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम में उनके ऊपर कागज नहीं, बल्कि चप्पल फेंकी गई थी। पुलिस ने हालांकि पहले कहा था कि मुख्यमंत्री पर कागज फेंका गया था। एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार 'जनता के दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान एक युवक अपनी फरियाद लेकर पहुंचा। मुख्यमंत्री अभी अन्य लोगों की फरियाद सुन ही रहे थे कि युवक मुख्यमंत्री की ओर कुछ फेंका था, जिसे पहले पुलिस ने कागज बताया था।
पुलिस के अनुसार, अरवल जिले का रहने वाला युवक जिसकी पहचान नीतीश के रूप में की गई है, वह सरकार के उस फैसले से नाराज है, जिसमें आग लगने की घटनाओं को देखते हुए सुबह 9 बजे से शाम छह बजे तक चूल्हा नहीं जलाने तथा हवन नहीं करने का लोगों को निर्देष दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चप्पल फेंकने वाले को क्षमा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे डर से लोगों के हित की बात करने से पीछे नहीं हटने वाले हैं। उन्होंने कहा आग लगने की घटनाओं में वृद्घि को देखते हुए सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चूल्हा नहीं जलाने तथा हवन नहीं करने का लोगों को निर्देष दिया गया है।
आरोपी युवक ने मुख्यमंत्री पर चप्पल फेंकी, जो कुछ दूर जाकर गिर गई। इस घटना के फौरन बाद वहां मौजूद लोगों ने युवक को घेर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। जनता दरबार में मुख्यमंत्री सोमवार को समान्य प्रशासन विभाग, गृह विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध समेत कई विभागों से संबंधित समस्याएं सुन रहे थे।
Latest India News