चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर लोगों को पर्यावरण अनुकूल परिवहन अपनाने का संदेश देने के लिए आज अपने मंत्रिमंडल के मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे।
62 वर्षीय खट्टर और कई अन्य विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा तक की एक किलोमीटर की दूरी को साइकिल के जरिए तय किया। कुछ महिला विधायक ई-रिक्शा के माध्यम से विधानसभा पहुंचीं।
मुख्यमंत्री ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि वह लोगों को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों का ज्यादा इस्तेमाल करने का संदेश देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि उनका यह कदम प्रतीकात्मक था लेकिन वह चाहते हैं कि लोगों तक यह संदेश जाए कि साइकिल चलाना सेहत के लिए तो अच्छा है ही, साथ ही यह पर्यावरण के भी अनुकूल है।
शुक्रवार को शुरू हुए हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भाजपा विधायक पवन कुमार सैनी कुरूक्षेत्र स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र से लगभग 110 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर चंडीगढ़ स्थित विधानसभा पहुंचे। सैनी आज विधानसभा तक साइकिल चलाने वाले समूह में भी शामिल थे।
Latest India News