मुंबई: मराठा समुदाय के सदस्यों ने आरक्षण समेत अपनी अन्य मांगों के लिए पूरे महाराष्ट्र में चल रहे विरोध प्रदर्शन के तहत आज चक्का जाम किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आंदोलन के कारण मुंबई से पुणे, नासिक और गुजरात को जोड़ने वाले कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। मुंबई पुलिस के मुताबिक कुर्ला, भोईवाडा, ट्रांम्बे, भांडुप, मानखुर्द इलाकों से भी शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन होने की खबरें मिली हैं।
आंदोलन की योजना में शामिल मराठा समुदाय के नेताओं ने बताया कि दो सप्ताह पहले मुंबई में इस आंदोलन के संबंध में एक बैठक की गयी थी, जिसमें इस प्रकार की कार्रवाई का निर्णय किया गया था। समुदाय के नेताओं ने राज्य विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन छह मार्च को मुंबई में एक बड़ी रैली आयोजित करने का भी निर्णय किया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की राजनीति में मराठा समुदाय बहुत प्रभावी है। पिछले साल अहमदनगर जिले के कोपर्डी में एक लड़की के साथ बलात्कार और हत्या के बाद समुदाय के सदस्यों ने राज्य के विभिन्न जिलों में मौन जुलूस निकाला था। पीडि़त लड़की मराठा समुदाय की थी, जबकि इस घटना का आरोपी दलित था।
मराठा समुदाय के सदस्य मराठियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में शामिल किये जाने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वह शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिये जाने की मांग कर रहे हैं। मराठा समुदाय के सदस्यों ने कोपर्डी बलात्कार मामले के दोषी को कड़ी सजा दिये जाने की भी मांग है।
Latest India News