1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महबूबा मुफ्ती बन सकती हैं J&K की पहली महिला CM

महबूबा मुफ्ती बन सकती हैं J&K की पहली महिला CM

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद उनकी बेटी और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।

mehbooba mufti- India TV Hindi
mehbooba mufti

नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद उनकी बेटी और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि इस पर अभी औपचारिक ऐलान बाकी है। गौर हो कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उनका एम्स में पिछले 14 दिनों से इलाज चल रहा था। 79 वर्षीय सईद को 24 दिसंबर 2015 को गर्दन में दर्द और बुखार के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था।

महबूबा अगर मुख्यमंत्री बनती हैं तो राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी। सईद की भी इच्छा थी कि राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती बने। इससे पहले सईद की हालत में सुधार न होते देख बीजेपी सूत्रों ने भी संकेत दिया था कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के तौर पर सईद की बेटी महबूबा गठबंधन की पहली पसंद हो सकती है। वरिष्ठ पीडीपी नेता नईम अख्तर ने भी कहा था कि अगर राज्य में किसी और को सीएम बनाने की बात आती है तो महबूबा मुफ्ती पर आम सहमति बन सकती है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी और वर्तमान जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती सईद का जन्म 22 मई, 1959 को जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में हुआ था। एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ की बेटी होने के कारण उन्हें राजनीति की अच्छी समझ है। साल 1996 के चुनावों में कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद बिज्बेहारा विधानसभा सीट से जीत कर वो कश्मीर की सबसे लोकप्रिय नेता बन गई थीं। जल्द ही महबूबा मुफ्ती राज्य विधानसभा में नेता विपक्ष के पद पर पहुंच गईं।

जम्मू-कश्मीर डेमोक्रेटिक पार्टी नाम से एक अलग राजनीतिक दल का गठन करने के लिए महबूबा मुफ्ती साल 1999 में कांग्रेस पार्टी से अलग हो गईं। साल 1999 के संसदीय चुनावों में भाग लेने के लिए उन्होंने अपने राज्य विधानसभा के पद से इस्तीफा दे दिया। इस चुनाव में महबूबा मुफ्ती उमर अब्दुल्ला के हाथों पराजित हुईं। साल 2002 में दक्षिण कश्मीर से राज्य विधानसभा चुनाव में रफी अहमद मीर को हरा कर महबूबा ने पहलगाम सीट पर जीत दर्ज की। साल 2004 में महबूबा मुफ्ती कांग्रेस गठबंधन का हिस्सा बनकर अनंतनाग से लोकसभा चुनाव लड़ीं और सांसद बनीं। महबूबा साल 2014 में दूसरी बार लोकसभा के लिए चुनी गईं।

Latest India News