देहरादून: दिल्ली में अपने विधायकों की सदस्यता पर लटकी तलवार के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने आज उत्तराखंड के 20 कांग्रेसी विधायकों पर लाभ के पद पर आसीन होने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से इस संबंध में तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई करने का अनुरोध किया ताकि उनकी सदस्यता तत्काल समाप्त हो सके।
राष्ट्रपति को लिखे एक पत्र में आप के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अनूप नौटियाल ने कहा कि राज्य सरकार ने 11 मई को दोबारा सत्ता संभालने के बाद 31 मई को 11 कांग्रेस विधायकों को विभिन्न सरकारी निगमों और बोर्डो का प्रमुख बना दिया तथा 11 जून को नौ अन्य कांग्रेसी विधायकों को सभा सचिव बना दिया।
नौटियाल ने कहा कि सभी 20 कांग्रेसी विधायकों को कैबिनेट मंत्री स्तर की सुविधायें दी गयी हैं और सभी लाभ के पद के अन्तर्गत आते हैं। इनमें से एक विधायक अनुसूया प्रसाद मैखुरी उत्तराखंड विधानसभा में उपाध्यक्ष हैं जबकि एक अन्य दिनेश धनै पर्यटन मंत्री हैं।
इस संबंध में आप नेता ने कहा, हर हाल में व्यापक राजनीतिक भ्रष्टाचार के कारण उत्तराखंड एक बडी विधायी संकट में रहा है और उसके बाद कानून का खुलेआम उल्लंघन करते हुए की गयी इन नियुक्तियों ने प्रदेश की वि और उसके सीमित संसाधानों को फिर नुकसान पहुंचाया है।
नौटियाल ने उम्मीद जाहिर की है कि लाभ के पद के कानून के उल्लंघन के इस प्रकरण पर राष्ट्रपति तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई करेंगे जिससे विधायकों की सदस्यता समाप्त हो सके। नौटियाल ने इस पत्र की प्रति मुख्य चुनाव आयुक्त डा नसीम जैदी, उत्तराखंड के राज्यपाल केके पॉल और प्रदेश के मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह को भी भेजी है।
Latest India News