पटना: प्रदेश सरकार के दो मुख्य दलों जदयू और राजद के बीच मनमुटाव का दावा करते हुए भाजपा ने आज कहा कि महागठबंधन का आंतरिक मतभेद बिहार में मध्यावधि चुनाव का कारण बन सकता है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
महागठबंधन के दो प्रमुख दलों जदयू और राजद के बीच मोहम्मद शहाबुद्दीन की जमानत रद्द होने और राजद विधायक राज बल्लभ यादव के निलंबन सहित विभिन्न मुद्दों पर मनमुटाव की स्थिति है।
बिहार भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने संवाददाताओं से कहा, जिस प्रकार राज्य सरकार में तीनों गठबंधन सहयोगी (जदयू, राजद और कांग्रेस) आंतरिक मतभेद से जूझ रहे हैं, यह उनके बीच बढ़ते तनाव का संकेत है। ऐसे में विधानसभा चुनाव सदन का कार्यकाल (विधानसभा) समाप्त होने से पहले कभी भी हो सकता है।
पार्टी को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक समाप्त होने के बाद पांडेय संवाददाताओं से बात कर रहे थे। बैठक बिहार विधानपरिषद् में विपक्ष के नेता सुशील कुमार मोदी के सरकारी आवास 1, पोलो रोड पर चल रही थी।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रेम कुमार और राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, राजीव प्रताप रूडी सहित अन्य केन्द्रीय मंत्रियों तथा विभिन्न विधायकों और विधानपार्षदों ने दो दिवसीय बैठक में भाग लिया।
Latest India News