1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मंत्री सत्येंद्र जैन की बेटी ने सलाहकार पद से दिया इस्तीफा

मंत्री सत्येंद्र जैन की बेटी ने सलाहकार पद से दिया इस्तीफा

विपक्ष की तीखी आलोचना के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की बेटी ने गुरुवार को दिल्ली सरकार की मोहल्ला क्लिनिक परियोजना में सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया।

Satyendra Jains - India TV Hindi
Satyendra Jains

नई दिल्ली: विपक्ष की तीखी आलोचना के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की बेटी ने गुरुवार को दिल्ली सरकार की मोहल्ला क्लिनिक परियोजना में सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया। सत्येंद्र ने बेटी सौम्या जैन के इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने गैर कार्यकारी पद पर उसकी नियुक्ति में भाई-भतीजावाद के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि सौम्या को इस काम के बदले कोई पैसा नहीं दिया जा रहा था।

यह विवाद बुधवार को तब उठा जब सौम्या (26) को आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक के लिए दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव की सलाहकार नियुक्त किया गया।

मेरी बेटी ने आईआईएम इंदौर में अपना दाखिला छोड़कर दिल्ली सरकार के लिए काम करने का निर्णय लिया था, सत्येंद्र जैन

सत्येंद्र जैन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मेरी बेटी ने नियुक्ति को लेकर हुए विवाद के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है।" स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "उसे सलाहकार की भूमिका के लिए कोई राशि नहीं दी गई। उसने इस साल आईआईएम इंदौर में अपना दाखिला छोड़कर दिल्ली सरकार के लिए काम करने का निर्णय लिया था।"

उसकी नियुक्ति की आलोचना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बरसते हुए जैन ने कहा, "भाजपा के नेताओं के रिश्तेदारों के ऊंचे ओहदों पर होने के बहुत सारे उदाहरण हैं। उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।"

जैन ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की बेटी को भी हॉकी इंडिया में ऊंचे ओहदे पर नियुक्त किया गया है। उन्हें भी इस्तीफा दे देना चाहिए।

Latest India News