नई दिल्ली: संसद में मॉनसून सत्र का आगाज़ होते ही विपक्ष हंगामा कर रहा है जिसके चलते राज्यसभा और लोकसभा स्थगित कर दी गई है। मोदी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस ने ललितगेट मामले पर जमकर हमला बोला है। ललित मोदी विवाद के कारण राज्यसभा 12:30 बजे तक के लिए स्थगित, बीजेपी सांसद की भूरिया की मौत के शोक में लोकसभा दिनभर के लिए स्थगित। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि, 'जब तक ईस्तीफे नहीं होंगे तब तक संसद में चर्चा नहीं होगी।' उन्होंने कहा कि, 'सदन की परंपरा है, पहले ईस्तीफा हो तब चर्चा होगी।'
आनंद शर्मा ने ललितगेट का मुद्दा उठाते हुए पीएम मोदी और उनकी सरकार को घेरा है। शर्मा ने कहा कि, "ललित मोदी के मामले में पीएम चुप क्यों हैं। इस मामले में पीएम मोदी को जवाब देना चाहिए"। संसद में शर्मा के इस सवाल का जवाब देते हुए अरुण जेटली ने कहा कि, "सरकार ललित मोदी के मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार है। सुषमा स्वराज देंगी जानकारी।"
उन्होंने कहा कि, "ललित मोदी ट्रैवेल डॉक्यूमेंट्स लेकर मौज-मस्ती कर रहे हैं।"
संसद सत्र शुरू होने से पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। साथ ही राज्यसभा में बीजेपी नेता एमजे अकबर ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली।
संसद में मॉनसून सत्र का आगाज़ होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उम्मीद जताई थी कि, यह सत्र सार्थक होगा और सभी सांसद अच्छे फैसले करने में योगदान देंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''कल अच्छे माहौल में ऑल पार्टी मीटिंग हुई। पिछले सेशन में कुछ राजनीतिक दलों ने यह आश्वासन दिया था कि अगले सेशन में कुछ काम प्राथमिकता के आधार पर पूरे होंगे। मुझे उम्मीद है कि सब मिलकर अच्छे निर्णय करेंगे।'' इस दौरान मीडियाकर्मियों ने जब लैंड बिल पर सवाल किया तो मोदी उसे अनसुना करते हुए चले गए।"
Latest India News