नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार की आलोचना करते हुए केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि यह पार्टी मानती है कि टकराव के रास्ते पर रहना उनका यूएसपी है।
अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री ने यह बात तब कही जब उनसे दिल्ली सरकार के नौकरशाहों के दानिक्स कैडर के दो अधिकारियों के निलंबन के विरोध में आज सामूहिक अवकाश पर जाने संबंधी खबरों के बारे में पूछा गया था। यद्यपि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस निलंबन को अमान्य घोषित कर दिया है।
नकवी ने कहा, 'आम आदमी पार्टी टकराव पार्टी बन गई है। आप शुरूआत से देखें तब केन्द्र के साथ टकराव, उपराज्यपाल के साथ टकराव, पुलिस के साथ टकराव और अधिकारियों के साथ टकराव। वे मानते हैं कि टकराव के मार्ग पर रहना उनका अपने को बढ़ाने का अनूठा तरीका (यूएसपी) है।' उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि आप यह महसूस करती है कि अगर वे टकराव में रहेंगे तो यह उनकी असफलताओं को ढक देगा।
नकवी ने कहा कि आप सरकार को अधिकारियों एवं जनता के साथ अच्छा समन्वय कायम करना चाहिए और जनता द्वारा दिये गये जनादेश को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए। भाजपा नेता ने दावा किया कि आरोप प्रत्यारोप, कटु शब्द आदि आप की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए काम करने का अब मौका है और उसे ईमानदारी से ऐसा करना चाहिए।
आप सरकार ने कैबिनेट के फैसले से संबंधित एक फाइल पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने पर गृह विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया था, जिसके एक दिन बाद अपने सहकर्मियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए दिल्ली, अंडमान-निकोबार द्वीप सिविल सेवा (दानिक्स) कैडर के करीब 200 अधिकारी सामूहिक अवकाश पर चले गए और 70 आईएएस अधिकारियों ने आधे दिन का अवकाश लिया। हालांकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस निलंबन को अमान्य बताया है।
Latest India News