लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा कि केन्द्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उन्हें काफी परेशान किया लेकिन वह बेदाग निकले, लिहाजा वह CBI से प्रमाणित ईमानदार हैं। यादव ने महर्षि कश्यप निषाद राज गुहा की जयन्ती के अवसर पर सपा राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीबीआई जांच का हवाला देते हुए कहा कि गरीब तबके में से जो भी शख्स थोड़ी तरक्की करता है तो उसे ऐसी (CBI जांच) परेशानी होती है। सभी लोग अपने कागज और हिसाब-किताब दुरस्त रखें, नहीं तो सीबीआई डराती है।
उन्होंने कहा कि CBI ने उन्हें भी परेशान किया था। आय के ग्यात स्रोतों से अधिक सम्पत्ति के मामले में इस जांच एजेंसी ने उनका घर छान डाला और रिश्तेदारों के घर भी गयी। खेत और जानवर भी गिने लेकिन उसे उनके खिलाफ कुछ नहीं मिला। ऐसे में यह कहना ठीक होगा, मैं सीबीआई से प्रमाणित ईमानदार हूं।
मालूम हो कि आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में सीबीआई ने वर्ष 2013 में कहा था कि सपा मुखिया के खिलाफ पर्याप्त सुबूत नहीं हैं, लिहाजा वह इस मामले को बंद कर रही है। यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने सभी के खाते में 15-15 लाख रपये जमा करने और हर गरीब को नौकरी देने का वादा किया था लेकिन वह अधूरा ही रहा।
Latest India News