मथुरा: मोदी सरकार का एक साल पूरा होने पर प्रधानमंत्री मोदी मथुरा में आज रैली करेंगे। प्रधानमंत्री के तौर पर पहली बार मोदी पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म स्थान नगला चंद्रभान जाएंगे और जनता को सरकार की एक साल की उपलब्धियां बताएंगे।
नरेंद्र मोदी की इस रैली को जनकल्याण रैली का नाम दिया गया है। आज प्रधानमंत्री सरकार की उन योजनाओं का जिक्र करेंगे जिससे आम आदमी का सीधा सरोकार है। रैली में जनधन योजना, सस्ती दर पर बीमा योजना और सफाई अभियान साथ ही वन रैंक वन पेंशन स्कीम भी लागू करने का एलान हो सकता है।
दीन दयाल धाम के बड़े से मैदान में ये विशाल पंडाल बनाया गया है जिसमें दो लाख लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है।
मोदी की इस रैली को कामयाब बनाने के लिए बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने मथुरा में डेरा डाल लिया है। अबतक के कार्यक्रम के मुताबिक
पीएम मोदी आज दोपहर पौने तीन बजे के करीब दिल्ली से हेलीकाप्टर से मथुरा के लिए उड़ान भरेंगे। 3:45 नरेंद्र मोदी नगला चंद्रभान गांव के दीन दयाल धाम पहुंचेंगे, यहां सबसे पहले वो दीन दयाल स्मारक जाएंगे और पंडित दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि देंगे। स्मारक पर मोदी लगभग आधा घंटे रुकेंगे।
इसके बाद मोदी तकरीबन 4:30 बजे रैली के स्टेज पर पहुंचेंगे और तकरीबन शाम 6 बजे तक जनता को संबोधित करेंगे।
एक बीजेपी कार्यकर्ता ने कहा कि, "रैली से पहले प्रधानमंत्री मोदी पर हमले की धमकी भी मिल चुकी है इसलिए प्रशासन कोई चूक नहीं चाहता... सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।"
प्रधानमंत्री की रैली के लिए तीन लेयर की सुरक्षा होगी और रैली स्थल के आसपास का 10 किमी का इलाका नो फ्लाइंग जोन रहेगा। एसपीजी के जवानों के अलावा पीएम की सुरक्षा में एटीएस के 32 जवान भी मौजूद रहेंगे और बाहरी सुरक्षा घेरा उत्तर प्रदेश पुलिस का होगा।
Latest India News