1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नेशनल हेराल्‍ड केस: सोनिया ने कहा- मैं कल कोर्ट जाऊंगी

नेशनल हेराल्‍ड केस: सोनिया ने कहा- मैं कल कोर्ट जाऊंगी

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पटियाला हाऊस कोर्ट के समक्ष पेश होंगे।

Sonia Rahul- India TV Hindi
Sonia Rahul

नई दिल्‍ली: नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पटियाला हाऊस कोर्ट के समक्ष पेश होंगे। पत्रकारों ने जब इस बारे में उनसे सवाल किया तो खुद सोनिया ने कहा- ज़ाहिर सी बात है। बता दें कि कल सोनिया और राहुल गांधी दोनों को इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में पेश होना है। इस मामले में कल सुनवाई होनी है। हालांकि, उनकी ओर से जमानत अर्जी देने को लेकर अभी संशय बरकरार है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि इस केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी बेल नहीं लेंगे। सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं ने बेल लेने की बजाए जरूरत पड़ने पर जेल जाने का मन बनाया है।

पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश होने वाले कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने बेल के लिए बॉन्ड नहीं भरा है। ऐसा होने पर उनके जेल जाने की नौबत आ सकती है। सूत्रों के अनुसार पार्टी ने इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने की ठान ली है और शनिवार को शक्ति प्रदर्शन की योजना भी बनाई है. पटियाला हाऊस कोर्ट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। 19 दिसंबर को ही कांग्रेस ने इस मसले पर दोपहर 1 बजे अपने सभी मुख्यमंत्रियों, सांसदों और विधायक दल के नेताओं की बैठक भी बुलाई है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हम न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हैं और अदालत की प्रक्रिया के समक्ष खुद को पेश करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को न्यायिक प्रक्रिया में पूरा विश्वास है। वे वकीलों की सलाह के मुताबिक कदम उठाएंगे। दोनों की पैरवी कर रहे वकील अभिषेक सिंघवी ने इस सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि क्या वे जमानत के लिए आवेदन करेंगे। सिंघवी ने कहा कि हम अपनी रणनीति साझा नहीं कर सकते। मैंने इस मुद्दे पर किसी से बात नहीं की है। मैं इस पर बोल नहीं सकता। पार्टी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के प्रति एकजुटता दिखाते हुए अनेक पार्टी पदाधिकारी और सांसद उनके साथ अदालत जा सकते हैं।

नेशनल हेराल्ड अखबार की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री पण्डित जवाहर लाल नेहरू ने 1938 में की थी। 2008 में यह अखबार समाचार पत्र बंद हो गया। अखबार बंद होने के बाद 'यंग इंडियन' नाम की एक निजी कंपनी ने नेशनल हेराल्ड की संपत्ति का अधिग्रहण कर लिया। इस कंपनी में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी बतौर निदेशक हैं। सोनिया गांधी और राहुल के यंग इंडिया कंपनी में 76 फीसदी शेयर हैं। मामला सामने आऩे के बाद बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी इस मामले को विश्वासघात और गंभीर घोटाले का आरोप लगाते हुए मामले को कोर्ट में ले गए थे।

Latest India News