1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नीतीश ने भाजपा के दावे को खारिज किया कहा बिहार में कानून का राज

नीतीश ने भाजपा के दावे को खारिज किया कहा बिहार में कानून का राज

बिहार के दरभंगा जिले में भाजपा के जंगलराज के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार हर कीमत पर राज्य में कानून का राज कायम रखने के लिए कृतसंकल्प है।

Nitish Kumar- India TV Hindi
Nitish Kumar

पटना: बिहार के दरभंगा जिले में भाजपा के जंगलराज के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार हर कीमत पर राज्य में कानून का राज कायम रखने के लिए कृतसंकल्प है। बिहार में विधि व्यवस्था को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए नीतीश ने कहा कि कहा कि सरकार हर कीमत पर राज्य में कानून का राज कायम रखने के लिए कृतसंकल्प है। राज्य में कानून का राज है और आगे भी कायम रहेगा।

नीतीश ने कहा कि सरकार विधि व्यवस्था पर नजर रखे हुए है, हर छोटी से छोटी घटना की जानकारी ली जा रही है तथा दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। घटना के तुरंत बाद त्वरित कार्रवाई हो रही है और अपराधी पकडे जा रहे हैं। अपराधी चाहे कोई हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरकार हर घटना को गभीरतापूर्वक लेती है तथा दोषी को दंड दिलाने की हरसंभव कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि दरभंगा में दो अभियंताओं की हत्या मामले को तार्किक परिणति तक पहुंचाया जाएगा। हर हाल में दोषी पकडे जाएंगे। नीतीश ने भाजपा सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराध की घटना राज्य एवं उसके बाहर भी घटित हो रही हैं। कुछ लोग छोटी-छोटी एवं अलग-अलग घटनाओं को जोडकर बताते हैं ताकि लोगों को परेशानी महसूस हो, ऐसे लोगों के पास कोई काम नहीं है।

उन्होंने कहा कि राज्य के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया गया है कि नियमित रुप से विधि व्यवस्था से संबंधित जानकारी मीडिया को दी जाए, इसके लिए पुलिस मुख्यालय में व्यवस्था की जाए। नीतीश ने कहा कि एडीजी स्तर के पदाधिकारी मीडिया को घटनाओं एवं उस पर की गयी कार्रवाई की जानकारी समय पर दें ताकि लोगों को सही एवं पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि लोगों को डरने की जरुरत नहीं है। राज्य में विधि व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। सरकार संगठित अपराध को भी समूल नष्ट करने के लिए कारगर कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को धमकी मिलती है तो इसकी सूचना समय पर पुलिस को दी जाए। सूचना देने के उपरान्त पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। सूचना के बाद कार्रवाई नहीं करने वाले कर्मी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Latest India News