1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नीतीश चुने गए महागठबंधन विधायक दल के नेता, 20 नवंबर को लेंगे शपथ

नीतीश चुने गए महागठबंधन विधायक दल के नेता, 20 नवंबर को लेंगे शपथ

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को स्पष्ट जनादेश मिलने के बाद शनिवार को तीनों घटक दलों के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को महागठबंधन विधायक दल का नेता चुन लिया गया। राजधानी

नीतीश चुने गए...- India TV Hindi
नीतीश चुने गए महागठबंधन विधायक दल के नेता

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को स्पष्ट जनादेश मिलने के बाद शनिवार को तीनों घटक दलों के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को महागठबंधन विधायक दल का नेता चुन लिया गया। राजधानी पटना में जेडीयू, कांग्रेस और आरजेडी के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक संयुक्त बैठक में औपचारिक रूप से नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से महागठबंधन विधायक दल का नेता चुना।

महागठबंधन विधायक दल की बैठक के बाद जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि महागठबंधन विधायक दल की बैठक में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा और कांग्रेस महासचिव सी़ पी़ जोशी ने इसका समर्थन किया।

महागठबंधन के एक नेता ने बताया कि नीतीश कुमार अब शनिवार शाम राज्यपाल रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर बिहार में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

इससे पहले जेडीयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को जेडीयू विधायक दल का नेता चुना गया। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपने की औपचारिकता पूरी की तथा 15वीं विधानसभा भंग करने की अनुशंसा की।

राज्यपाल कोविंद से मुलाकात के बाद नीतीश ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने राज्यपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया और 15वीं विधानसभा भंग करने के राज्य मंत्रिमंडल के फैसले से अवगत कराया। राज्यपाल ने उन्हें राज्य में नई सरकार बनने तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को कहा है।

नीतीश 20 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उनके साथ 36 सदस्यीय मंत्रिपरिषद के सदस्य भी शपथ लेंगे।

गौरतलब है कि 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा के चुनाव में महागठबंधन में शामिल आरजेडी 80 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि जेडीयू ने 71 सीटों पर जीत दर्ज की है और कांग्रेस के खाते में 27 सीटें आई हैं।

जेडीयू सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में 16 मंत्री लालू प्रसाद के राजद से, 15 मंत्री जेडीयू से और पांच मंत्री कांग्रेस से होंगे।

Latest India News