1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ओडि़शा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की हंगामेदार शुरूआत

ओडि़शा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की हंगामेदार शुरूआत

भुवनेश्वर: ओडि़शा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की आज हंगामेदार शुरूआत हुई क्योंकि विपक्षी कांग्रेस ने किसानों की आत्महत्या पर चर्चा की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समक्ष धरना दिया जिससे सदन की

ओडि़शा विधानसभा के...- India TV Hindi
ओडि़शा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की हंगामेदार शुरूआत

भुवनेश्वर: ओडि़शा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की आज हंगामेदार शुरूआत हुई क्योंकि विपक्षी कांग्रेस ने किसानों की आत्महत्या पर चर्चा की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समक्ष धरना दिया जिससे सदन की कार्यवाही अपराह्न 3 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

विपक्षी भाजपा सदस्यों ने बीजद की महिला इकाई की अध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक प्रमिला मलिक की अमर लड्डू टिप्पणी के खिलाफ सदन में लड्डू बांटे। मलिक ने पूर्व में एक बयान देकर विपक्षी दलों को सुझाव दिया था कि वे किसानों को अमर लड्डू दे दें ताकि किसी की भी मृत्यु नहीं हो।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा के चार पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदन ने इसके साथ ही परंपरा के मुताबिक कुछ क्षण के लिए मौन रखा। विपक्ष के नेता नरसिंह मिश्र ने पूर्व विधायकों को अपनी पार्टी की श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद 100 से अधिक किसानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जिनकी राज्य में सूखे की स्थिति से मौत हो गई। विपक्ष के नेता ने इसके साथ ही कुछ सुरक्षा कर्मियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जिनकी हाल में मृत्यु हो गई।

विधानसभाध्यक्ष निरंजन पुजारी ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू किया कांग्रेस के सदस्य अध्यक्ष के आसन के समक्ष पहुंच गए और तख्तियों के साथ प्रदर्शन किया। इससे पहले मिश्र ने एक प्रस्ताव के जरिये विधानसभाध्यक्ष से किसानों की मौत के मुद्दे पर एक विशेष चर्चा की मांग की थी और इसे राज्य का सबसे संवेदनशील मामला करार दिया था। पुजारी ने हालांकि कहा कि उन्हें प्रस्ताव का नोटिस मिल गया है लेकिन उन्होंने प्रश्नकाल को ही जारी रखने को कहा।

Latest India News