1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नोटबंदी पर मोदी का विपक्ष पर प्रहार, कहा कुछ नेता बेईमानों का साथ दे रहे हैं

नोटबंदी पर मोदी का विपक्ष पर प्रहार, कहा कुछ नेता बेईमानों का साथ दे रहे हैं

वाराणसी: प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को यहां एक समारोह में नोटबंदी पर विपक्ष की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष इस मामले में बेईमानों का साथ दे रहा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi

वाराणसी: प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को यहां एक समारोह में नोटबंदी पर विपक्ष की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि कुछ नेता इस मामले में बेईमानों का साथ दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के उनका विरोध करके खुद अपना रिपोर्ट कार्ड दे रहे हैं। 

मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बग़ैर कहा, ''कांग्रेस में एक युवा नेता हैं जो कहते हैं भाषण देना सीख रहे हैं। वो कहते हैं कि उनके बोलने से भूकंप आ जाएगा। मैं कहता हूं वो ना बोलते तो भूकंप आ जाता, अब बोल दिए तो सबको पता लग गया कि कोई भूकंप नहीं आने वाला। वो बोलने लगे इसकी मुझे बहुत खुशी है। 2009 से पहले वो बोलते ही नहीं थे, पता नहीं था कि बक्‍से में क्‍या है और क्‍या नहीं। जब बोले तो पता लगा की क्‍या है।''

मोदी ने कहा, ''युवा नेता कहते हैं जहां देश में 60 प्रतिशत लोग अनपढ़ हैं वहां मोदी जी डिजिटल इकोनॉमी की बात कर रहे हैं। मैं पूछता हूं कि आप किसका रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे हो, मैंने क्‍या कोई जादू-टोना किया है जो पढ़े लिखे लोग अनपढ़ हो गए हैं।''

मोदी ने बनारस हिंदू विश्वविद्दालय के स्वतंत्रता भवन में कैंसर सेंटर और सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल के शिलान्यास कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और पूर्व वित्‍त मंत्री चिदंबरम को भी निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कहते हैं जिस देश में 50 प्रतिशत गरीबी है वहां यह तकनीक कैसे हो सकती है। मैं पूछता हूं यह आप मेरा रिपोर्ट कार्ड दे रहे हैं या खुद का। ये 50 प्रतिशत गरीबी जो है वो किसकी विरासत झेल रहा हूं मैं। चिदंबरम कहते हैं देश के 50 प्रतिशत गांवों में बिजली नहीं है, मैं पूछता हूं क्‍या वहां पहले बिजली थी जो पीएम बनने के बाद मैं वहां जाकर खंभे उखाड़कर ले आया हूं।

पीएम ने कहा, ''संसद में नोटबंदी का विरोध हो रहा है। मुझे अब समझ आया‍ कि ऐसा क्‍यों कर रहे थे। जैसे पाकिस्‍तान आतंकियों को घुसाने के लिए फायरिंग करता और हमारी सेना जवाब देती है। इसका फायदा उठाकर आतंकी लपक कर घुस जाते हैं। वैसे ही संसद में में भी आमने-सामने चल रहा है। मुझे कहते हैं मैं इतना बड़ा कदम उठाने से पहले अनुमान नहीं लगा पाया। मुझे इस बात का अनुमान नहीं था कि नोटबंदी के बाद विपक्ष के कुछ नेता और राजनीतिक दल खुले रूप से बेइमानों के साथ खड़ा हो जाएगा। देश में सालों से गंदगी फैली हुई थी इसे साफ करने के लिए बड़ा अभियान चल रहा है। सफाई होगी तो खुशबू आएगी।''

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंचे, पीएम बनने के बाद उनका अपने संसदीय क्षेत्र का यह 9वां दौरा है। अपने साढ़े चार घंटे की यात्रा में पीएम यहां कई कार्यक्रमों में हिस्‍सा लेंगे साथ ही मुख्य आयोजन भाजपा की ओर से डीरेका के खेल मैदान में आयोजित किया गया है जहां मोदी बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में करीब 26000 बूथ कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Latest India News