नई दिल्ली: ब्रिटिश नागरिकता के मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को संसद की एथिक्स कमेटी ने नोटिस जारी किया है। राहुल पर आरोप है कि उन्होंने कुछ समय पहले एक दस्तावेज में अपनी नागरिकता ब्रिटेन की बताई थी। एथिक्स कमेटी के सदस्य अर्जुन मेघवाल ने कहा कि नोटिस में राहुल से ब्रिटिश नागरिकता पर जवाब मांगा है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष हैं। अर्जुन मेघवाल ने कहा कि राहुल को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि ब्रिटेन की कंपनी से संबंधित दस्तावेजों में उन्होंने अपनी नागरिकता ब्रिटेन की क्यों बताई है।
भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को और बाद में भाजपा के पूर्वी दिल्ली से सांसद महेश गिरी ने जनवरी में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को पत्र लिखकर इस बारे में बताया था। लोकसभा अध्यक्ष ने इस मामले को आडवाणी की अध्यक्षता वाली कमेटी (एथिक्स कमेटी) के पास भेज दिया था।
सुब्रमण्यम स्वामी पिछले काफी वक्त से इस मामले को उठा रहे हैं। उनका कहना है कि राहुल ने यूनाइटेड किंगडम में पंजीकृत एक कम्पनी बैकऑप्स के निदेशक के तौर पर खुद को ब्रिटिश नागरिक घोषित किया था। यह कम्पनी अब बंद हो चुकी है। स्वामी ने मांग की है कि राहुल की नागरिकता खत्म कर देनी चाहिए। स्वामी ने पिछले दिनों राहुल पर नागरिकता के सबंध में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके पास इस बात के दस्तावेजी प्रमाण मौजूद हैं कि कांग्रेस उपाध्यक्ष भारत के साथ ही ब्रिटेन की नागरिकता भी रखे हुए हैं जो पूरी तरह असंवैधानिक है।
Latest India News