नई दिल्ली: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की और पठानकोट हमले में शामिल आतंकवादियों के खिलाफ तुरंत और निर्णायक कार्रवाई का वादा किया। नरेन्द्र मोदी ने भारत की ओर से उपलब्ध करायी गई विशिष्ठ एवं कार्रवाई करने योग्य सूचना पर तत्काल कदम उठाने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि मोदी को आज दोपहर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने पठानकोट वायु सैनिक अड्डे पर आतंकी हमले के बारे में फोन किया। पीएमओ के बयान में कहा गया है कि टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान को पठानकोट आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार लोगों एवं संगठनों के खिलाफ ठोस और तत्काल कार्रवाई करने की जरूरत है।
बयान में कहा गया है कि इस बारे में पाकिस्तान को विशिष्ट और कार्रवाई करने योग्य सूचना उपलब्ध करायी गई है। शरीफ ने प्रधानमंत्री मोदी को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ त्वरित एवं निर्णायक कार्रवाई करेगी।
वहीं, इस बीच भारत ने पठानकोट हमले की जानकारी पाकिस्तान को दी। पाक में डिप्टी हाईकमिश्नर जेपी सिंह ने पाकिस्तान को सबूत सौंपे।
बता दें कि पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायुसेना के अड्डे में घुसे संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए खोज और तलाशी अभियान मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। पठानकोट में भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के अड्डे पर शनिवार तड़के सुबह 3.30 बजे कुछ आतंकवादियों ने हमला कर दिया था। वायुसेना के अड्डे पर आतंकवादियों के खिलाफ पिछले 77 घंटे से सैन्य अभियान चल रहा है।
Latest India News