पटना: बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी के बेटे उत्कर्ष मोदी रविवार को परिणय सूत्र में बंध गए। उत्कर्ष और यामिनी की शादी पटना के वेटनरी कॉलेज के मैदान में हुई। इस शादी में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी शामिल हुए। शादी में कई राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए थे लेकिन सबकी नजरें लालू और नीतीश पर टिकी थी।
बता दें कि बिहार में महागठबंधन टूटने के बाद ये पहला मौका था जब लालू और नीतीश दोनों नेता एक साथ किसी समारोह में शामिल हुए थे। दोनों करीब 2 घंटे तक साथ-साथ बैठे रहे लेकिन इनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई। इनके अलावा इस समारोह में वित्त मंत्री अरुण जेटली, रविशंकर प्रसाद, अनंत कुमार, राधा मोहन सिंह, बीजेपी लीडर शाहनवाज हुसैन समेत कई नेता शामिल हुए।
लालू और नीतीश ने वर-वधु को दिया आशीर्वाद
शादी के बाद उत्कर्ष और यामिनी लालू के पास पहुंचे और पैर छूकर प्रणाम किया जिसके बाद लालू ने दोनों को आशीर्वाद दिया। लालू ने पहले ही साफ किया था कि उन्हें न्योता मिला है और वह सुशील मोदी के बेटे की शादी में जरूर शामिल होंगे। सीएम नीतीश ने भी वर-वधु को आशीर्वाद दिया।