नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी एनडीए सरकार के दो साल पुरा होने पर आज ओडिशा के बालासोर में एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि हमारी सरकार के दो साल हो गए इसके बावजूद जनता को हमारी नीयत पर शक नहीं है। रैली स्थल पर पहुंची अपार भीड़ को देखकर उन्होंने कहा, मेरे लिए उमड़े इतने बड़े प्यार को एसी कमरे में बैठे लोग कभी नहीं समझेंगे। इससे पहले सरकार के दो वर्ष पूरा होने पर मोदी ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भी एक रैली की थी।
उन्होंने कहा कि आज यहां न कोई चुनाव है, ना ही कोई आंदोलन है, फिर भी यहां भीड को देखकर मैं काफी उत्साहित हूं। मैं भगवान जगन्नाथ की भूमि पर आया हूं और इस भूमि को मैं नमन करता हूं। हमारा बालेश्वर मिसाइल सिटी के नाम से भी जाना जाता है। इस दौरान मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को भी याद किया।
मोदी ने कहा कि कोई अमीर बीमार पड़ जाए तो सैकड़ों डॉक्टर्स उसके घर के बाहर खड़े हो जाते हैं और अमीरों के बच्चों को पढऩा है तो उनके लिए देश-विदेश के टीचर्स उपलब्ध हो जाएंगे लेकिन गरीबों को सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों का ही सहारा है।
उन्होंने कहा कि मैं देख रहा हूं कि सरकार एक कदम चल रही है तो देश दो कदम आगे बढ़ रहा है। पहले सरकारों को लगता था कि उन्हें ही सारे काम करने हैं, उन्हें ही विकास करना है लेकिन हमने सरकार और प्रशासन में जन-भागीदारी को सुनिश्चित किया है।
पीएम मोदी ने कहा, पहले की सरकारें ये कहती थीं कि हम ही सरकारें चलाते हैं। हमने शुरू किया सबका साथ, सबका विकास। जनता को हमारी नीयत पर शक नहीं है। मेरी सरकार इस देश के गरीबों को समर्पित है। सरकारें गरीबों के लिए होती हैं। गरीबों के साथ चलने के लिए होती हैं।
Latest India News