बक्सर: राज्य में युवाओं को कम्प्यूटर देने के वादे पर बिहार के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि नीतीशजी के कम्प्यूटर को लालू वायरस लग गया है। बिहार के लोगों को वायरस वाला कम्प्यूटर नहीं चाहिए।
मोदी यहां एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘नीतीशजी के कम्प्यूटर को लालू का वायरस लग गया है और इससे जंगलराज, पराध, महिलाओं का उत्पीड़न और अपहरण निकल रहा है। बिहार के लोगों को वायरस वाला यह कम्प्यूटर नहीं चाहिए।’
पीएम ने राज्य की समस्याओं के लिए लालू प्रयाद यादव और नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि केवल एनडीए ही राज्य में विकास ला सकती है।
वहीं, नीतीश के तांत्रिक से मिलने के विवाद पर भी चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को तंत्र मंत्र चाहिए या लोकतंत्र चाहिए? क्या ताबीज बांध कर राज्य चलाएंगे? बिहार के लोगों को जादू टोना नहीं नौकरी चाहिए, रोजगार चाहिए।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को बिहार में तीसरे चरण का चुनाव होना है। प्रथम चरण में 49 विधानसभा सीटों के लिए तथा दूसरे चरण में 32 सीटों के लिए मतदान हो चुके हैं। मतगणना आठ नवंबर को होगी।
Latest India News