1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘PM मोदी ने जेटली के इस्तीफा देने का संकेत दिया’

‘PM मोदी ने जेटली के इस्तीफा देने का संकेत दिया’

माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हवाला मामले में लालकृष्ण आडवाणी की मिसाल देते हुए संकेत दिया है कि वित्त मंत्री अरूण जेटली को इस्तीफा देना चाहिए।

sitaram yechury- India TV Hindi
sitaram yechury

नयी दिल्ली: माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हवाला मामले में लालकृष्ण आडवाणी की मिसाल देते हुए संकेत दिया है कि वित्त मंत्री अरूण जेटली को इस्तीफा देना चाहिए। येचुरी ने संवाददाताओं से कहा, आडवाणी के साथ तुलना करके प्रधानमंत्री ने अरूण जेटली को संकेत दिया है कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए, खुद को पाक-साफ साबित करना चाहिए और फिर वापसी करनी चाहिए। मैं इसे जेटली को मिले इस संकेत के तौर पर देखता हूं कि आप भी वही करिए।

हवाला मामले में आडवाणी के संसद की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने का हवाला देते हुए माकपा महासचिव ने कहा कि जेटली को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री ने अचानक से भाजपा के दिग्गज नेता को क्यों याद किया जब वह :वित्त मंत्री: परेशानी का सामना कर रहे हैं। उनसे प्रधानमंत्री के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी की गई थी जिसमें मोदी ने कहा कि अरूण जेटली उसी तरह बेदाग साबित होंगे, जैसे लालकृष्ण आडवाणी हवाला मामले में हुए थे।

अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए ईंट और पत्थर लाए जाने से संबंधित खबरों के बारे में पूछे जाने पर येचुरी ने कहा कि यह सहमति रही है कि वहां कोई गतिविधि नहीं होगी और भाजपा भी उस सहमति का हिस्सा है। उन्होंने कहा, अगर वे इसका उल्लंघन करना चाहते हैं तो कानून को अपना काम करना चाहिए। किशोर विधेयक के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस पर चर्चा के लिए इसे प्रवर समिति के पास भेजना चाहती है।

Latest India News