1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रधानमंत्री की टिप्पणी संसदीय इतिहास में पहले कभी नहीं सुनी गयी: कांग्रेस

प्रधानमंत्री की टिप्पणी संसदीय इतिहास में पहले कभी नहीं सुनी गयी: कांग्रेस

नयी दिल्ली: कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी से राज्यसभा में अपने पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह को लेकर की गयी टिप्पणी के लिए माफी की मांग करने के रूख पर अड़ी रही और मोदी की छींटाकशी को भारतीय संसदीय

shashi tharoor- India TV Hindi
shashi tharoor

नयी दिल्ली: कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी से राज्यसभा में अपने पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह को लेकर की गयी टिप्पणी के लिए माफी की मांग करने के रूख पर अड़ी रही और मोदी की छींटाकशी को भारतीय संसदीय लोकतंत्र में अब तक कभी ना सुना गया बताया। 

कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने संसद के बाहर कहा, प्रधानमंत्री ने कल जो कहा, हम उससे बहुत बहुत निराश हैं। मुझे नहीं लगता कि भारतीय संसदीय इतिहास में हमने कभी किसी प्रधानमंत्री को बाथरूम की उपमा का इस्तेमाल कर इस तरह अपने पूर्ववर्ती का अपमान करते सुना था। ऐसा सच में कभी नहीं सुना गया। उन्होंने बयान वापस लेने की मांग करते हुए कहा, राजनीति में मतभेद हो सकते हैं लेकिन आप हमारी संसदीय बहस में कभी भी इस तरह का बयान नहीं पाएंगे। प्रधानमंत्री को इस तरह की टिप्पणियां वापस लेनी चाहिएं। हमारे देश में राजनीतिक मतभेद हैं। चुनाव अभियान में लोग एक दूसरे के लिए कठोर बातें करते हैं। लेकिन सदन में एक मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। हम पूरी मजबूती से मानते हैं कि ऐसा नहीं होना चाहिए। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, हमने माफी की मांग की है क्योंकि उन्होंने अब तक ऐसा नहीं किया। अगर वह इसे वापस ले लेते हैं तो मामला खत्म हो जाएगा। लेकिन अगर वह इसे वापस नहीं लेते तो माफी एकमात्र तरीका होगा जिससे वह बेवजह पहुंचायी गयी चोट की भरपायी कर सकते हैं। 

नोटबंदी को संगठित एवं कानूनी लूट का उदाहरण बताने के बयान को लेकर मनमोहन सिंह पर तीखा प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल कहा था कि 35 वर्षो तक देश के आर्थिक पदिदृश्य के केंद्र में रहने वाले मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व काल में इतना सब कुछ हुआ लेकिन उनके उपर कोई दाग तक नहीं लगा और बाथरूम में रेनकोट पहनकर नहाने की कला डा. साहब ही जानते हैं और कोई नहीं जानता। 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हर बात में विरोध ठीक नहीं है और कांग्रेस किसी भी रूप में पराजय स्वीकार ही नहीं करना चाहती। यह कब तक चलेगा। 
मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर राज्यसभा में चर्चा का जवाब देते हुए यह सब कहा। 

इससे नाराज कांग्रेस के सदस्यों ने मोदी के जवाब के बीच सदन से बहिर्गमन कर दिया। 

Latest India News