1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सैम पित्रोदा के बयान पर PM मोदी का पलटवार, कहा- विपक्ष लगातार कर रहा सुरक्षाबलों का अपमान

सैम पित्रोदा के बयान पर PM मोदी का पलटवार, कहा- विपक्ष लगातार कर रहा सुरक्षाबलों का अपमान

पित्रोदा ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि पुलवामा हमले के लिए पूरे पाकिस्तान को दोषी ठहराना ठीक नहीं है।

PM Narendra Modi | PTI Photo- India TV Hindi
PM Narendra Modi | PTI Photo

नई दिल्ली: पुलवामा आतंकी हमले और भारतीय वायुसेना की एयरस्ट्राइक पर सैम पित्रोदा के विवादित बयान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को निशाने पर ले लिया है। पित्रोदा ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि पुलवामा हमले के लिए पूरे पाकिस्तान को दोषी ठहराना ठीक नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई हमले के लिए भी पूरा पाकिस्तान जिम्मेदार नहीं है। पित्रोदा ने पाकिस्तान पर की गई एयरस्ट्राइक पर भी सवालिया निशान लगाते हुए मारे गए आतंकियों की संख्या पूछी है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से उनके सबसे विश्वसनीय सलाहकार और निर्देशक ने पाकिस्तान नैशनल डे का उद्घाटन कर दिया है।

‘सुरक्षाबलों का बार-बार अपमान कर रहा है विपक्ष’
पित्रोदा के बयान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से विपक्षी नेताओं से सवाल पूछने की अपील की। विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘विपक्ष हमारे सुरक्षाबलों का बार-बार अपमान कर रहा है। मैं जनता से आह्वान करता हूं कि विपक्षी नेताओं के बयान पर उनसे सवाल पूछें। उन्हें बताएं कि 130 करोड़ भारतीय विपक्ष की इन हरकतों को न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे। भारत अपने सुरक्षबलों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।’


रामगोपाल यादव पर भी साधा निशाना
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव के बयान पर निशाना साधते हुए PM ने कहा, ‘विपक्ष आतंकवाद का समर्थन करने और सशस्त्र सेनाओं पर सवाल उठाने वालों का ठिकाना हो गया है। राम गोपाल जी जैसे वरिष्ठ नेता का यह निंदनीय बयान उन सभी का अपमान करता है जिन्होंने कश्मीर की रक्षा में अपनी जान दी है। यह हमारे शहीदों के परिवारों को अपमानित करता है।’ गौरतलब है कि रामगोपाल ने गुरुवार को कहा था, 'अर्द्धसैनिकबल सरकार से दुखी हैं, वोट के लिए जवान मार दिए गए, जवानों को साधारण बसों में भेज दिया, यह साज़िश थी। जब सरकार बदलेगी, इसकी जांच होगी तब बड़े-बड़े लोग फंसेंगे।'

‘हम आतंकियों को उसी भाषा में जवाब देंगे, जो उन्हें आती है’
प्रधानमंत्री मोदी ने सैम पित्रोदा के एक और बयान को निशाने पर लेते हुए कहा, 'कांग्रेस राजघराने के वफादार ने मान लिया है कि कांग्रेस आतंकवादी ताकतों को जवाब नहीं देना चाहती थी। यह न्यू इंडिया है और हम आतंकवाद को उसी भाषा में जवाब देंगे जो उसे समझ में आती है।' पित्रोदा ने कहा था कि पुलवामा की ही तरह मुंबई हमलों के बाद हम भी पाकिस्तान के अंदर हवाई हमले कर सकते थे, लेकिन यह सही तरीका नहीं है। उन्होंने कहा था, ‘मेरे ख्याल से आप दुनिया से इस तरह डील नहीं कर सकते।’

Latest India News