1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पेरिस समझौता नेताओं के सामूहिक विवेक का नतीजा: मोदी

पेरिस समझौता नेताओं के सामूहिक विवेक का नतीजा: मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विश्व के नेताओं की 13 दिनों तक चली वार्ता के बाद शनिवार को पेरिस में जलवायु परिवर्तन पर स्वीकृत समझौता सभी नेताओं के सामूहिक विवेक को

narendra modi- India TV Hindi
narendra modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विश्व के नेताओं की 13 दिनों तक चली वार्ता के बाद शनिवार को पेरिस में जलवायु परिवर्तन पर स्वीकृत समझौता सभी नेताओं के सामूहिक विवेक को दर्शाता है। इस समझौते में कोई विजयी या पराजित नहीं हुआ है। मोदी ने ट्वीट किया, "जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सीओपी21 के पक्षकारों की वार्ता और पेरिस समझौता इस संबंध में दुनियाभर के नेताओं की बुद्धिमत्तता को प्रदर्शित करता है।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन हमेशा एक चुनौती रहेगी, लेकिन पेरिस समाझौता दिखता है कि प्रत्येक देश इससे निपटने के लिए किस तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा, "पेरिस समझौते के परिणाम में न कोई हारा है और न जीता है। इस संबंध में केवल पर्यावरणीय न्याय की जीत हुई है। हम सभी एक हरित भविष्य के लिए काम कर रहे हैं।"

पेरिस में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन में शनिवार शाम पेश समझौते के प्रारूप को 196 देशों के प्रतिनिधियों ने स्वीकार कर लिया। जलवायु परिवर्तन को लेकर दुनिया के इस पहले सार्वभौमिक समझौते का उद्देश्य धरती के बढ़ते तापमान को दो डिग्री सेल्सियस से नीचे रखना है।

30 नवंबर को सम्मेलन के शुरू होने के दिन प्रधानमंत्री मोदी ने सौर ऊर्जा के बेहतर इस्तेमाल के लिए 120 देशों के गठबंधन की शुरुआत की थी। उन्होंने विकसित देशों से पर्यावरण रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए कहा था। मोदी ने कहा था कि विकसित देश पर्यावरण संरक्षण के लिए गरीब और विकासशील देशों को प्रौद्योगिकी के स्थानांतरण और कोष उपलब्ध कराने में देरी न करें।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा था कि भारत ने 2005 के स्तर से 30-35 फीसदी तक उत्सर्जन कम करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। सौर ऊर्जा गठबंधन का दुनिया के कारोबारी नेताओं ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस हरित ऊर्जा पहल को सफल बनाने के लिए इसके कोष के मुद्दे को भी देखा जाना चाहिए।

सम्मेलन से अलग मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात की और जलवायु परिवर्तन के मामले में सामंजस्य के साथ काम करने पर बात की। मोदी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी संक्षिप्त मुलाकात की थी।

Latest India News