नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई को एक साल पूरा होने के मौके पर बुधवार को पीएम आवास पर वरिष्ठ मंत्रियों की एक बैठक बुलाई है। सुबह 10 बजे होने वाली इस बैठक में सरकार के एक साल पूरा होने पर उपलब्ध्यिों और कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
सरकार के एक साल पूरा होने पर अपनी उलब्ध्यिों को जनता तक पहुंचाने के लिए 100 रैलियों आयोजित करने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही 24 मई को एक मेगा प्रेस कांफ्रेंस की भी योजना है।
अगले एक महीने तक मंत्री प्रेस कांफ्रेंस करेंगे और इंटरव्यू देंगे। मंत्री इस दौरान सोशल मीडिया (फेसबुक और ट्विटर) पर भी इंटरव्यू देते नजर आएंगे।
योजना में वेबसाइट्स को भी पर्याप्त अहमियत दिया जाएगा। मंत्रियों को ब्लॉग या लेख लिखने की सलाह दी गई है, जिसे कुछ अखबारों को एक्सक्लूसिव तौर पर जारी किया जा सके। इसी तरह मंत्रालय से जुड़े विषयों की पहचान कर उन पर प्रतिष्ठित लेखकों से फीचर और लिखवाने को कहा गया है।
तैयारी के तहत दूरदर्शन और आकाशवाणी को सरकार की उपलब्धियों पर ऑडियो और वीडियो क्लिप मुहैया कराने को भी कहा गया है। इन क्लिप्स को विभिन्न वेबसाइट्स पर डाला जाएगा। विभिन्न राज्यों से चलने वाले मीडिया संगठनों को भी इस योजना में शामिल किए जाने की बात है।
इसके लिए 'वार्तालाप' नाम से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए विशेष तौर पर प्रेस कांफेंस की सलाह दी गई है। मीडिया को विभिन्न मुद्दों पर इंफोग्राफिक्स भी उपलब्ध कराया जाएगा। ये अभियान 14 जून तक चलाया जाना है।
योजनाओं की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित इस बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी के शामिल होने की संभावना है।
Latest India News