कोलकाता/गुवाहाटी: असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर में आज भारी मतदान हुआ। असम में 82.21 और पश्चिम बंगाल में 79.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया हालांकि इस दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाओं और पुलिस फायरिंग में एक बुजुर्ग मतदाता की मौत हो गई।
असम में दूसरे और अंतिम दौर में आज 61 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ। इस दौरान बरपेटा जिले में सोरभोग क्षेत्र में एक मतदान केन्द्र पर लाइन लगाने को लेकर सीआरपीएफ के जवानों और मतदाताओं के बीच हुई धक्का मुक्की में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना में सीआरपीएफ का एक सहायक कमांडेंट और एक कांस्टेबल को भी चोटें आई हैं।
इसी तरह कामरूप में चायगांव में एक मतदान केन्द्र पर वोट डालने आई एक गर्भवती महिला वापस जाते समय अपने बच्चे का वहीं भूल गई और जब वह बच्चा वापस लेने आई तो सीआरपीएफ के एक कांस्टेबल ने उसके साथ कथित रूप से बदसुलूकी की, जिसका वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया और हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। घटना के बाद उस मतदान केन्द्र पर तैनात सीआरपीएफ की पूरी टीम को वहां से हटा लिया गया। पुलिस के जिला अधीक्षक प्रशांत सैकिया ने यह जानकारी दी।
मतदान शुरू होने के बाद विभिन्न मतदान केन्द्रों पर वोट डालने को उत्सुक मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। वोट डालने वाले प्रमुख लोगों में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शामिल हैं, जिन्होंने दिसपुर सरकारी हाई स्कूल में बने मतदान केन्द्र में वोट डाला। राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व करने वाले मनमोहन सिंह का निवास गुवाहाटी में दर्ज है और वहां की मतदाता सूची में उनका नाम है। वह वोट डालने के लिए दिल्ली से विशेष रूप से यहां आए।
Latest India News