1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. UP में सोनिया के रोड शो को सफल बनाने में जुटे प्रशांत किशोर

UP में सोनिया के रोड शो को सफल बनाने में जुटे प्रशांत किशोर

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का 'वॉक द टॉक' कार्यक्रम सफल बनाने के बाद प्रशांत किशोर ने अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के रोड शो को सफल बनाने में अपनी ताकत झोंक दी है।

Prashant Kishor- India TV Hindi
Prashant Kishor

वाराणसी: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का 'वॉक द टॉक' कार्यक्रम सफल बनाने के बाद प्रशांत किशोर ने अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के रोड शो को सफल बनाने में अपनी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दो अगस्त को होने वाले रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशांत किशोर बनारस पहुंच गए हैं।

यहां उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व सांसद जफर अली नकवी, पूर्वाचल चुनाव प्रभारी व पिंडरा से विधायक अजय राय, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा आदि के साथ बैठक की और पूरी जानकारी एकत्र की।

पिंडरा से विधायक अजय राय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का दो अगस्त को वाराणसी में होने वाला रोड शो ऐतिहासिक होगा। इसमें वाराणसी के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में किए गए विकास कार्यो की हकीकत सामने लाई जाएगी।

प्रशांत किशोर यहां से सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ मैदागिन स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पदाधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें रोड शो को सफल बनाने का मंत्र दिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर भी वाराणासी पहुंच गए हैं। सभी पदाधिकारी और नेता अब वाराणासी में ही रहकर रणनीति को अंतिम रूप देंगे।

Latest India News