1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 50 दिन बाद जनता की परेशानी कम होगी, बेईमानों की बढ़ेगी: PM मोदी

50 दिन बाद जनता की परेशानी कम होगी, बेईमानों की बढ़ेगी: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोटबंदी के केंद्र सरकार के फैसले का पुरजोर समर्थन करते हुए इसे भ्रष्ट लोगों के खिलाफ लड़ाई करार दिया और कहा कि देश की 125 करोड़ जनता के सहयोग से यह लड़ाई जीत हासिल होने तक जारी रहेगी।

Narendra Modi | PTI File Photo- India TV Hindi
Narendra Modi | PTI File Photo

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोटबंदी के केंद्र सरकार के फैसले का पुरजोर समर्थन करते हुए इसे भ्रष्ट लोगों के खिलाफ लड़ाई करार दिया और कहा कि देश की 125 करोड़ जनता के सहयोग से यह लड़ाई जीत हासिल होने तक जारी रहेगी। मुंबई के बांदा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि देश की मौजूदा केंद्र सरकार ने सत्ता संभालने के साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग शुरू कर दी थी, लेकिन 8 नवंबर को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को अमान्य घोषित कर भ्रष्ट और काला धन रखने वाले लोगों पर बड़ा हमला किया गया।

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैंने वादा किया है कि देश की आम जनता को 50 दिनों तक नोटबंदी के कारण परेशानी झेलनी पड़ेगी। उसके बाद आम नागरिकों की परेशानी तो कम हो जाएगी, लेकिन उन चंद लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी जो भ्रष्टाचारी हैं और जिन्होंने काला धन जुटा रखा है।’ प्रधानमंत्री ने एकबार फिर ऐसे लोगों से आगे आकर कर चुकाकर देश की 125 करोड़ ईमानदार जनता में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा, ‘यह देश में भ्रष्ट लोगों के खात्मे की शुरुआत है। सही रास्ते पर लौट आइए और कानून का सम्मान करिए। मैं आश्वासन देता हूं कि आपको फांसी पर नहीं लटकाया जाएगा।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को नोटबंदी के खिलाफ गुमराह करने की भी कोशिशें की गईं, लेकिन लोगों ने विवेक से काम लिया और फैलाई जा रही अफवाहों को दरकिनार कर दिया और सरकार द्वारा राष्ट्रहित में उठाए गए कदम को पूरे दिल से स्वीकार किया। मोदी ने कहा, ‘लोगों को गुमराह करने और यहां तक कि धमकाने की भी कोशिशें की गईं। लेकिन देश की आम जनता ने भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ लड़ाई में हमारा साथ दिया। पिछले 70 वर्षो से मुट्ठी भर लोग मलाई खा रहे थे। अगर वे मोदी से नहीं डर रहे या सरकार से नहीं डर रहे तो कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन उन्हें देश की 125 करोड़ जनता के मूड की अवहेलना नहीं करनी चाहिए। देश का मूड बदल चुका है, वे अब अन्याय, भ्रष्टाचार और बेइमानी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। मैं आश्वासन देता हूं कि हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक जीत हासिल नहीं कर लेते।’

Latest India News