1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल के सहायक ने भाजपा सांसद को कानूनी नोटिस भेजा

राहुल के सहायक ने भाजपा सांसद को कानूनी नोटिस भेजा

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सहायक कनिष्क सिंह ने शुक्रवार को भाजपा सांसद किरीट सोमैया को कानूनी नोटिस भेजा।

Rahul Gandhi, Kirit Somaiya- India TV Hindi
Rahul Gandhi, Kirit Somaiya

नई दिल्लीः कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सहायक कनिष्क सिंह ने शुक्रवार को भाजपा सांसद किरीट सोमैया को कानूनी नोटिस भेजा और उनसे कहा कि वह अगस्तावेस्टलैंड हेलीकाप्टर सौदे के संबंध में अपनी टिप्पणियों के लिए बिना शर्त माफी मांगे अन्यथा उन्हें आपराधिक मानहानि के मामले का सामना करना होगा।

कांग्रेस के मीडिया समन्वयक प्रणव झा ने नोटिस जारी करने की घटना के बारे में पुष्टि की है। झा ने कहा, "कनिष्क सिंह ने अपने कानूनी नोटिस में सोमैया से कहा है कि उनके खिलाफ निराधार आरोप लगाने के लिए वह बिनाशर्त माफी मांगें। ऐसा न होने पर सिंह उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दायर करेंगे।"

सोमैया ने आरोप लगाया था कि कनिष्क सिंह अगस्तावेस्टलैंड सौदे और 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में हुए घोटाले में लिप्त रहे हैं। मुंबई से भाजपा के लोकसभा सदस्य सोमैया ने कहा है कि कनिष्क सिंह की एमार एमजीएफ लैंड लिमिटेड में हिस्सेदारी है। इस रियल एस्टेट कंपनी में अस्तावेस्टलैंड मामले के एक आरोपी, गुइडो राल्फ हश्के निदेशक हैं।

इसे भी पढ़ेः अगस्ता वेस्टलैंड मुद्दे पर राज्यसभा में जयराम, स्वामी में तकरार

सोमैया ने एक ट्वीट में कहा था, "हश्के एमार एमजीएफ में निदेशक थे या है। इस कंपनी को सीडब्ल्यूजी घोटाले में संलिप्त पाया गया था। एमार एमजीएफ कंपनी कनिष्क सिंह के परिवार द्वारा स्थापित थी। सिंह राहुल गांधी के सलाहकार व प्रधान सचिव हैं।" कांग्रेस, एमार एमजीएफ और कनिष्क सिंह ने सोमैया के आरोपों का खंडन किया है।

Latest India News