1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड में लोकतंत्र की जीत हुई, मोदी के लिए सबक: राहुल

उत्तराखंड में लोकतंत्र की जीत हुई, मोदी के लिए सबक: राहुल

राहुल गांधी ने आज कहा कि भाजपा ने सभी तरह की गलत कोशिशें की लेकिन उत्तराखंड में लोकतंत्र की जीत हुई और आशा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे यह सबक सीखेंगे कि भारत के लोग लोकतंत्र की हत्या को नहीं सहेंगे।

rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा के फ्लोर टेस्ट में हरीश रावत को बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि भाजपा ने सभी तरह की गलत कोशिशें की लेकिन उत्तराखंड में लोकतंत्र की जीत हुई और आशा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे यह सबक सीखेंगे कि भारत के लोग लोकतंत्र की हत्या को नहीं सहेंगे।

राहुल ने ट्वीट किया, वे (भाजपा) जो गलत कर सकते थे, उन्होंने किया। हम लोगों ने अपना सर्वश्रेष्ठ किया। उत्तराखंड में लोकतंत्र की जीत हुई। उन्होंने कहा कि देश के संस्थापकों द्वारा बनायी गयी संस्थाएं और लोग लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं करेंगे। राज्य में डेढ़ महीने के राष्ट्रपति शासन के बाद कांग्रेस सरकार का वापस आना तय हो गया है और इसी को लेकर उन्होंने ये कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

इससे पहले केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि इस बात में कोई संदेह नहीं है कि हरीश रावत ने राज्य विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया है। इसके बाद न्यायालय ने कहा कि राष्ट्रपति शासन हटने के बाद वह मुख्यमंत्री का पद संभाल लेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने बताया कि हरीश रावत के पक्ष में 33 विधायक और बीजेपी के पक्ष में 28 विधायकों ने अपना मत दिया। अटॉर्नी जनरल के इस जानकारी देने के साथ साथ ही कांग्रेस में जश्न का दौर शुरू हो गया। हरीश रावत के घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

Latest India News