नई दिल्ली: नेशनल हेराल्ड मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय पर आरोप मढ़ने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए भाजपा ने शनिवार को कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी के उपाध्यक्ष झूठ की मशीन बन गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचिव श्रीकांत शर्मा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी या राहुल गांधी के पास कोई सबूत है तो इसे सार्वजनिक करें।
शर्मा ने कहा कि वे अपने ऊपर लगे आरोपों को ढकने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय पर आधारहीन आरोप मढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी एक तरफ संसद को बाधित करती है और दूसरी तरफ राहुल गांधी आधारहीन आरोप लगाते हैं। राहुल अब झूठ की मशीन बन गए हैं।"
उधर, केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने भी आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी की लेकर उन पर निशाना साधते हुये कहा कि देश के लोकतंत्र का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय के इशारे पर यह सौ फीसदी बदले का मामला है।
यहां पर एजेंडा आज तक सम्मेलन के दौरान स्मृति ने संसद के कामकाज में बाधा पहुंचाने को लेकर कांग्रेस के नेताओं पर भी निशाना साधा। स्मृति ईरानी ने कहा, देश के लोकतंत्र और न्यायपालिका का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। अगर उन्हें लगता है कि देश का न्यायिक तंत्र किसी के निर्देशों पर चलता है तो देश की अदालत का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता।
अमेठी संसदीय सीट से राहुल के खिलाफ 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं स्मृति ने कहा कि देश में अदालतें स्वतंत्र हैं और कोई भी व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं है। असहिष्णुता के मुद्दे पर स्मृति ने दावा किया कि कांग्रेस के शासन काल में अगर कुछ गलत हुआ तो किसी ने भी पुरस्कार नहीं लौटाया।
Latest India News