1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कोई भी गठबंधन बने, बिहार में सरकार तो बीजेपी की ही बनेगी: राजनाथ

कोई भी गठबंधन बने, बिहार में सरकार तो बीजेपी की ही बनेगी: राजनाथ

लखनऊ: केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया है कि जनता परिवार की एकजुटता तथा JDU व RJD के बीच गठबंधन का बीजेपी की संभावना पर कोई असर नहीं पड़ेगा और बिहार विधानसभा चुनाव

बिहार में सरकार तो...- India TV Hindi
बिहार में सरकार तो बीजेपी की ही बनेगी: राजनाथ

लखनऊ: केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया है कि जनता परिवार की एकजुटता तथा JDU व RJD के बीच गठबंधन का बीजेपी की संभावना पर कोई असर नहीं पड़ेगा और बिहार विधानसभा चुनाव के बाद वहां बीजेपी की सरकार बनेगी।

बिहार में JDU व RJD समेत जनता परिवार में हो रहे गठबंधन के संभावित प्रभाव के बारे में सवाल होने पर गृहमंत्री ने मंगलवार को कहा, ‘बीजेपी के बढते प्रभाव से हो सकता है कि कुछ लोगों को चिंता हो रही हो... बहरहाल इसका बीजेपी पर कोई असर नहीं पड़ेगा और बिहार में बीजेपी की सरकार बनेगी... रही गठबंधन की बात तो कोई भी दल किसी के साथ गठबंधन करने को स्वतंत्र है वह उनका अधिकार है।’

राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। बिहार में इसी साल सितम्बर-अक्टूबर में संभावित विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की संभावना के बारे में सवाल पूछे जाने पर राजनाथ सिंह ने कहा कि यह फैसला केन्द्रीय संसदीय बोर्ड करेगा।

गौरतलब है कि जनता परिवार के विभिन्न दलों को एकजुट करने के लिए हो रहे प्रयासों की अगुवाई कर रहे सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को दिल्ली में कहा था कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार JDU-RJD गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

राजनीतिक प्रेक्षक यह मान रहे हैं कि मुलायम की इस घोषणा के साथ ही राज्य में आसन्न विधानसभा चुनाव में बीजेपी को चुनौती देने के लिए JDU और RJD के गठबंधन के समक्ष पेश एक बड़ी बाधा का समाधान निकल गया है।

मुलायम ने कहा, ‘मैं लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के बीच एकजुटता को लेकर काफी खुश हूं। कुमार बिहार में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। लालूजी ने नीतीश कुमार का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया है। लालूजी ने कहा है कि वह प्रचार करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘कोई मतभेद नहीं है और हम कोई मतभेद उत्पन्न नहीं होने देंगे।’ सपा प्रमुख ने कहा कि वे दोनों साम्प्रदायिक ताकतों को उखाड़ फेंकने के लिए मिलकर लड़ेंगे।

दोनों दलों के गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ने पर सहमत होने के एक दिन बाद कल मुलायम सिंह यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की जिसमें RJD अध्यक्ष लालू प्रसाद और JDU प्रमुख शरद यादव ने हिस्सा लिया। लालू ने राज्य में इस शीर्ष पद के लिए नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव किया।

Latest India News